एक परिवार का खौफनाक अंत! पति का मर्डर कर पत्नी ने ट्रेन के आगे दी जान, 22 दिन के बच्चे ने भूख से तोड़ा दम

अयोध्या: पावन नगरी अयोध्या से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने सबके रोंगटे खड़े कर दिए हैं. अयोध्या के रौनाही इलाके के गरेरू गांव में एक हंसते-खेलते परिवार का खौफनाक अंत हो गया. मामूली विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि एक पत्नी ने पहले अपने पति को मौत के घाट उतारा और फिर खुद ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी. लेकिन इस पूरी खूनी दास्तां में सबसे दुखद अंत उस 22 दिन के मासूम का हुआ, जिसने बंद कमरे में भूख और प्यास से तड़पते हुए दम तोड़ दिया. ​घटना तब शुरू हुई, जब घर के बड़े बुजुर्ग गेहूं काटने खेत गए थे. घर में पति शिवा और पत्नी संजू के बीच विवाद हुआ. आवेश में आकर संजू ने पति के सिर पर हथौड़े से वार कर उसे मौत की नींद सुला दिया. जुर्म को छिपाने के लिए उसने पति की लाश और अपने 22 दिन के कलेजे के टुकड़े को कमरे में बंद किया, बाहर से ताला लगाया और खुद देवराकोट रेलवे ट्रैक पर जाकर ट्रेन के आगे कूद गई.

​​​एसपी ग्रामीण ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि देवराकोट के पास एक महिला की ट्रेन से कटकर मृत्यु हुई है. शिनाख्त के बाद जब पुलिस उसके घर पहुंची तो घर बाहर से बंद था. ताला तोड़ने पर अंदर पति शिवा का शव मिला, जिसके सिर पर चोट के निशान थे. पास में ही 22 दिन का नवजात भी था, जिसकी बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई. महिला के पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने प्रताड़ना का जिक्र किया है. पुलिस ने कहा कि आगे विधिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस को मृतका संजू के पास से जो सुसाइड नोट मिला है, उसमें उसने पति और ससुराल वालों पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं. महज एक साल पहले हुई इस शादी का अंत इतना भयावह होगा, इसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी. फिलहाल पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है.