सौतन से चिढ़ी बीवी ने खेला खूनी खेल, बच्चों संग मिलकर पति-सास समेत 4 को उतारा मौत के घाट
राजस्थान: अजमेर जिले में पूर्व सरपंच समेत चार लोगों की गुरुवार सुबह छह बजे स्कार्पियो गाड़ी में जली हुई लाश मिली। मृतकों में पूर्व सरपंच, उसकी दूसरी पत्नी, मां व भांजी शामिल थी। इस मामले में पुलिस ने 12 घंटे के अंदर बड़ा राजफाश किया है। पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड को पूर्व सरपंच की पहली पत्नी, बेटी एवं नाबालिग बेटे ने अंजाम दिया है। तीनों ने मिलकर लोहे के औजार से चारों की गला काटकर हत्या की थी। मामले को हादसे का रूप देने के लिए स्कार्पियो में आग लगा दी थी। अजमेर के जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल ने बताया कि आरोपित पहली पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि शेष आरोपितों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि पूर्व सरपंच रामसिंह दूसरी शादी करने के बाद उन्हें प्रताड़ित करता था। आए दिन शराब पीकर मारपीट करता था।
बुधवार शाम को उसने बेटी से मारपीट की थी। इसके बाद देर रात पहली पत्नी ने दोनों बच्चों के साथ मिलकर चारों की धारदार औजार से गला काटकर हत्या कर दी। बेटे ने घर में खडे ट्रैक्टर से डीजल निकाला। फिर सब लाशों को स्कार्पियो में पीछे डालकर निकल गया।
घर से 500 मीटर दूर जाकर डीजल छिड़क कर स्कार्पियो में आग लगा दी। मां-बेटी घर पर ही थी। बाद में नाबालिग बेटा वापस घर पहुंच गया। पुलिस के अनुसार, सुबह करीब छह बजे ग्रामीणों ने स्कार्पियो में जले हुए शवों को देखा तो गांव में हंगामा मच गया।
गाड़ी में आग लगने की सूचना मिलने पर तीनों घर पर ही रोने लगे और कोई मौके पर नहीं गया। तीनों वारदात से अनजान होने का नाटक करने लगे। तीनों अभियुक्तों ने पुलिस को पहले तो गुमराह करने का प्रयास किया। दोपहर में पुलिस को उनके बयान पर शक हुआ और मौके के हालात भी संदिग्ध लगे तो कड़ाई से पूछताछ की गई। जिसमें उन्होंने चारों की हत्या करने की बात स्वीकार की है।
