पाकिस्तानी सीमा हैदर ने अब चंद्रयान-3 की सफलतापूर्वक लैंडिंग की कामना करते हुए व्रत रखा है. इसका वीडियो सीमा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी शेयर किया है. सीमा ने कहा कि वैसे तो मेरा स्वास्थ्य ठीक नहीं है लेकिन मैंने चंद्रयान-3 के लिए व्रत रखा है. जब तक वो सफलतापूर्वक चांद पर लैंड नहीं कर जाता, तब तक मैं कुछ भी नहीं खाऊंगी और न ही कुछ पिऊंगी.
वीडियो में सीमा ने कहा कि मैं प्रार्थना कर रही हूं कि हमारे भारत देश का चंद्रयान-3 आज शाम को सफलतापूर्वक चांद पर लैंडिग कर जाए. इससे मेरे भारत देश का नाम रौशन होगा. मैं राधे-कृष्ण भगवान को बहुत मानती हूं. तमाम देवी-देवताओं से मेरी प्रार्थना है कि चंद्रयान-3 को सफलता मिले.
सीमा ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की तरक्की के लिए बहुत मेहनत कर रहे हैं. अगर चंद्रयान-3 को सफलता मिलती है तो हमारे भारत देश का दबदबा पूरी दुनिया में होगा. मेरी यही दुआ है कि मेरा भारत सबसे आगे रहे. राधे-कृष्ण, राधे-कृष्ण.
बता दें, भारत के मून मिशन यानी चंद्रयान-3 आज शाम को चंद्रमा की सतह पर लैंड करने के लिए पूरी तरह से तैयार है. चंद्रमा की सतह पर लैंड करते ही भारत चांद के साउथ पोल पर पहुंचने वाला पहला देश बन जाएगा. चंद्रयान-3 का लैंडर-रोवर चांद पर 1 दिन काम करेगा, यानी पृथ्वी के 14 दिन के बराबर. इसरो के इस महत्वाकांक्षी मिशन से पूरे देश की उम्मीदें जुड़ी हैं. चंद्रयान-3 ने सारे देश को एक कर दिया है. मंदिरों में प्रार्थना हो रही है. मस्जिदों में दुआ मांगी जा रही है. सारा देश चंद्रयान-3 को लेकर उत्साहित हैं.
सोशल मीडिया पर Chandrayaan ट्रेंड कर रहा है. जहां लोग अलग-अलग तरीके से अपनी खुशी बयां कर रहे हैं. इन सबके बीच Chandrayaan-3 की सफलता के लिए काशी, हरिद्वार में हवन-पूजन हुआ तो तमिलनाडु के रामेश्वरम में प्रार्थना की गई. पुणे के सिद्धिविनायक मंदिर में भी लोगों द्वारा पूजा अर्चना हुई. देश के कोने-कोने से हर तबके के लोग ‘मून मिशन’ के सफल होने की कामना कर रहे हैं.
चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग यानी बेहद आराम से उतरने में कामयाब होने के बाद अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत की ओर से ये बड़ी छलांग होगी. क्योंकि दुनिया का कोई भी मुल्क अब तक चांद के इस हिस्से पर सॉफ्ट लैंडिंग करने में सफल नहीं हो पाया है.