संसद का शीत सत्र 15 दिसंबर के पहले संभव, सरकार परिसीमन बिल ला सकती है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंत्रियों से 15 दिसंबर से पहले संसद के अगले सत्र की तैयारियां पूरी करने को कहा है। उन्होंने मंत्रियों को सत्र से पहले विदेश यात्रा से बचने की सलाह भी दी है। बुधवार को कैबिनेट बैठक में संसद के अगले सत्र पर चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक, मोदी ने कहा कि सत्र 15 दिसंबर से पहले बुलाया जाना चाहिए। हालांकि, इसकी तारीख और अवधि संसदीय मामलों की कैबिनेट समिति तय करेगी।

लोकसभा में 543 सांसद हैं। 3 सीटें खाली हैं। इनमें से NDA के 318 सांसद हैं। बिल को पास कराने के लिए दो-तिहाई यानी 360 वोट चाहिए। अगर डीएमके के 22 सांसद बिल का समर्थन करते हैं तो बिल के समर्थन में 340 सांसद हो जाएंगे। यानी इसके बाद भी भाजपा को लगभग 20 सांसदों की जरूरत है।

राज्यसभा में 245 सीटें हैं। 3 खाली हैं। इस तरह 240 में से NDA के 153 सांसद हैं। यहां बिल को पास कराने के लिए 162 सांसद चाहिए। यानी, यहां भी NDA को छोटी पार्टियों के 9 सांसदों की जरूरत पड़ेगी।

पिछले सत्र से अभी तक लोकसभा में क्या बदला?

DMK: ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन से औपचारिक रूप से अलग हो गई।

TMC: पार्टी में बड़ी बगावत हुई और 21 सांसद टूटकर एनसीपीआई (NCPI) में शामिल हो गए।

शिवसेना (UBT): 6 सांसदों ने पाला बदलकर अलग गुट बना लिया। NDA को समर्थन दिया।

DMK से समर्थन जुटाने की कोशिश

अब केंद्र सरकार DMK से समर्थन लेने के लिए बातचीत कर रही है। तमिलनाडु चुनाव के बाद DMK का कांग्रेस से अलगाव हो चुका है।

इसके बाद DMK INDIA ब्लॉक से भी अलग हो गई। सूत्रों ने बताया कि सरकार कुछ छोटे दलों के संपर्क में भी है। इन दलों से बातचीत का मकसद सदन में सरकार के संख्या बल को मजबूत करना है।