सलमान खान को पनवेल में गोलियों से छलनी कर हत्या करने का प्लान वाले लॉरेंस ग्रुप के 5 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसी बीच उनके फार्महाउस के बाहर से एक महिला की भी गिरफ्तारी हुई है। महिला लगातार सलमान खान के फार्महाउस पर नजर रख रही थी। गांव वालों ने संदिग्ध रवैया देखकर पुलिस को सूचित किया था।
24 साल की महिला सलमान खान से शादी करने के मकसद से दिल्ली से मुंबई पहुंची थी। वो महिला लगातार सलमान के पनवेल स्थित फार्महाउस के बाहर घूमते हुए वहां नजर रख रही थी। गांव वालों को महिला के रवैये पर शक हुआ तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पनवेल तालुका पुलिस ने पहले मौके पर पहुंचकर महिला को हिरासत में लिया है और फिर उसे काउंसिलिंग के लिए एनजीओ SEAL के हवाले कर दिया है। वो महिला सलमान खान की बहुत बड़ी प्रशंसक थी। उस पर सलमान से शादी करने का जुनून सवार था। मामले में एनजीओ के मालिक ने बताया है, दिल्ली की महिला को 22 मई को हमारे शेल्टर होम लाया गया था। उसकी कंडीशन बहुत सीरियस थी। उसने हमारी बात सुनने से साफ इनकार कर दिया था। वो लगातार कह रही थी कि उसे सलमान से शादी करनी है। वो उनकी स्क्रीन इमेज से प्यार करती थी। एनजीओ मालिक ने आगे बताया है कि जब उस महिला के परिजनों को दिल्ली से बुलाया गया तो वो पूरी कहानी जानकर हैरान रह गए। उन्हें यकीन नहीं हुआ कि उनकी बेटी इस मकसद से दिल्ली से अकेले मुंबई आई है।
