20 साल की डॉक्टरी छोड़ महिला ने शुरू की पाव रोटी की दुकान

सोचिए, एक डॉक्टर अचानक स्टेथोस्कोप छोड़कर पाव या बन बेचने लगे, तो हैरानी तो होगी ही. चीन में एक महिला डॉक्टर ने ऐसा ही किया है. 20 साल तक डॉक्टर के रूप में काम करने के बाद उन्होंने अपना क्लिनिक बंद कर दिया और अब स्टीम्ड बन्स बेचने का बिजनेस कर रही हैं. उनकी यह कहानी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है. साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, डोंग मिन नाम की इस महिला डॉक्टर ने 1999 में वुहान यूनिवर्सिटी से मेडिकल की पढ़ाई पूरी की थी. इसके बाद उन्होंने शेन्जेन में स्त्री रोग विशेषज्ञ के तौर पर काम किया और फिर वुहान लौट आईं. लेकिन धीरे-धीरे नौकरी का मानसिक दबाव बहुत बढ़ गया. डोंग मिन के मुताबिक, उन पर सिर्फ मरीजों के इलाज का ही नहीं, बल्कि कागजी काम, बार-बार होने वाली जांच और अस्पताल की कानूनी जिम्मेदारियों का भी बोझ था. इससे परेशान होकर उन्होंने करीब 50 साल की उम्र में अपनी शर्तों पर जीने का फैसला किया.

2023 में एक दोस्त की सलाह पर उन्होंने स्टीम्ड बन्स की दुकान में पैसा लगाया. लेकिन तभी दुकान का मुख्य कारीगर अचानक काम छोड़कर चला गया. घबराने के बजाय डोंग मिन ने खुद ही बन बनाना सीखने का फैसला किया. धीरे-धीरे वह इसमें माहिर हो गईं और उन्हें इस काम में असली मजा आने लगा. शुरुआत में परिवार ने इसका विरोध किया, लेकिन बाद में उनकी सफलता देखकर उनकी मां और भाई भी दुकान में मदद करने लगे.

आज डोंग मिन का बिजनेस इतना चल गया है कि जुलाई में उन्होंने अपनी दूसरी दुकान भी खोल ली है. उनका कहना है कि डॉक्टर रहते हुए उन्हें बहुत मानसिक तनाव होता था, लेकिन अब दुकान पर 10 घंटे काम करने के बाद जो थकान होती है, उसमें भी सुकून और खुशी मिलती है.