विमेंस प्रीमियर लीग 14 जनवरी से, 28 अक्टूबर को ऑक्शन

विमेंस प्रीमियर लीग का पांचवा सीजन 14 जनवरी से 7 फरवरी 2027 तक खेला जाएगा। BCCI ने बुधवार को इसका जानकारी दी। पांच फ्रेंचाइजी वाले इस लीग का ऑक्शन 28 अक्टूबर को होगा। खिलाड़ियों को रिटेन करने की आखिरी तारीख 28 सितंबर तय की गई है। इसके साथ ही IPL का मिनी ऑक्शन भी तीन साल बाद भारत लौट रहा है। हालांकि इसके वेन्यू और तारीख अभी तय नहीं हैं। BCCI ने मंगलवार को हुई IPL गवर्निंग काउंसिल की बैठक में यह फैसला लिया।

2023 में कोच्चि में ऑक्शन होने के बाद लगातार तीन साल नीलामी भारत के बाहर हुई थी। 2024 में दुबई, 2025 में जेद्दा और 2026 में अबू धाबी ने इसकी मेजबानी की।

ऑक्शन की तारीख और शहर अभी तय नहीं हुआ है। वेन्यू चुनते समय BCCI फ्रेंचाइजियों और उनके डेलिगेशन के ठहरने की व्यवस्था को सबसे ज्यादा महत्व देगा। अक्टूबर से दिसंबर तक भारत में वेडिंग सीजन होने के कारण 5-स्टार होटल में पर्याप्त कमरे मिलना भी एक बड़ा फैक्टर रहेगा। BCCI को ऑक्शन के लिए दो रातों के लिए 100 से ज्यादा कमरों की जरूरत होती है।

ऑक्शन को भारत वापस लाने के फैसले में IPL फ्रेंचाइजियों का फीडबैक भी अहम रहा। टीमों ने मिनी ऑक्शन के लिए अपने डेलिगेशन को विदेश ले जाने में होने वाली लॉजिस्टिक और ऑपरेशनल परेशानियों पर आपत्ति जताई थी।

पिछले साल अबू धाबी में ऑक्शन के दौरान भी फ्रेंचाइजियों की यह चिंता सामने आई थी। इसके बाद IPL गवर्निंग काउंसिल ने इस साल के मिनी ऑक्शन के लिए भारत में वेन्यू तलाशने का फैसला किया।

ऑक्शन की तारीख अभी घोषित नहीं हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक IPL का मिनी ऑक्शन आमतौर पर दिसंबर में कराया जाता है।

IPL 2027 में मिनी ऑक्शन होगा। इसके अगले साल यानी 2028 में मेगा ऑक्शन होने की संभावना है। 2028 का मेगा ऑक्शन दोबारा विदेश में कराया जा सकता है।

गवर्निंग काउंसिल ने इम्पैक्ट प्लेयर नियम पर मंगलवार की बैठक में अंतिम फैसला नहीं लिया। BCCI ने सभी 10 फ्रेंचाइजियों से इस नियम पर लिखित फीडबैक मांगा था।

ज्यादातर फ्रेंचाइजियां इस नियम के खिलाफ बताई जा रही हैं। कुछ टीमों का कहना है कि उन्होंने मौजूदा इम्पैक्ट प्लेयर नियम को ध्यान में रखकर अपनी स्क्वॉड तैयार की है। इसलिए नियम को हटाने का फैसला अगले साल तक टाला जा सकता है।

अब करीब एक महीने बाद IPL गवर्निंग काउंसिल की फिर बैठक होगी। इसमें इम्पैक्ट प्लेयर को जारी रखने, बदलने या पूरी तरह हटाने पर फैसला लिया जाएगा।
इम्पैक्ट प्लेयर नियम में टीम मैच के दौरान एक अतिरिक्त खिलाड़ी को इस्तेमाल कर सकती है। इसके कारण टीमों को बल्लेबाजी और गेंदबाजी में अलग-अलग कॉम्बिनेशन आजमाने का विकल्प मिलता है।

नियम के पक्ष में यह तर्क दिया जाता है कि इससे टीमों की बैटिंग डेप्थ बढ़ती है और मैचों में बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं। वहीं, इसके विरोध में यह बात कही गई है कि अतिरिक्त बल्लेबाज या गेंदबाज उपलब्ध होने से ऑलराउंडरों की भूमिका पर असर पड़ सकता है।

इसी समय BCCI विमेंस प्रीमियर लीग के 2027 ऑक्शन की तैयारियां भी कर रहा है। WPL 2027 का ऑक्शन 28 अक्टूबर को कोच्चि में कराने की रिपोर्ट है।

WPL के अगले सीजन के लिए मुंबई के ब्रेबॉर्न स्टेडियम को मैचों के लिए तय किया गया है। दूसरे वेन्यू के तौर पर वडोदरा के कोटाम्बी स्टेडियम और वाराणसी के नए स्टेडियम पर विचार हो रहा है।

BCCI की क्रिकेट ऑपरेशंस टीम वाराणसी के नए स्टेडियम का निरीक्षण करेगी। टीम वहां की सुविधाओं और मैच कराने की तैयारियों का जायजा लेगी।

अगर स्टेडियम जनवरी तक तैयार हो जाता है तो WPL के मैच वहां कराए जा सकते हैं। इससे पहले नए मैदान पर घरेलू या प्रैक्टिस मैच कराने का भी विकल्प है।

बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम को भी संभावित वेन्यू के तौर पर चर्चा में रखा गया था, लेकिन वहां स्थानीय अधिकारियों से कई अनुमतियां लेने की जरूरत होगी।