दुनिया का इकलौता एयरपोर्ट, जिसके अंदर है Waterfall और Butterfly Park

दुनिया में ऐसे कई एयरपोर्ट हैं, जो अपनी आधुनिक सुविधाओं, शानदार डिजाइन और बेहतरीन सेवाओं के लिए मशहूर हैं. कहीं आलीशान लाउंज हैं, तो कहीं यात्रियों के लिए लग्जरी शॉपिंग और मनोरंजन की सुविधाएं मौजूद हैं. लेकिन सिंगापुर का चांगी एयरपोर्ट इन सबसे बिल्कुल अलग है. यह सिर्फ एक एयरपोर्ट नहीं, बल्कि अपने आप में एक बड़ा पर्यटन स्थल बन चुका है. यहां लोग सिर्फ फ्लाइट पकड़ने नहीं आते, बल्कि घूमने, समय बिताने, फोटो खिंचवाने, खरीदारी करने और यहां तक कि शादी और दूसरे खास समारोह आयोजित करने भी पहुंचते हैं. इसकी खूबसूरती और अनोखी सुविधाएं इसे दुनिया के सबसे सुंदर एयरपोर्ट्स में शामिल करती हैं. यही वजह है कि सोशल मीडिया पर भी चांगी एयरपोर्ट की तस्वीरें और वीडियो अक्सर वायरल होते रहते हैं.

चांगी एयरपोर्ट की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसके अंदर कदम रखते ही ऐसा महसूस होता है, जैसे आप किसी घने जंगल में आ गए हों. यहां हजारों पेड़-पौधे और रंग-बिरंगे फूल लगाए गए हैं, जो पूरे माहौल को प्राकृतिक बना देते हैं. हरियाली से भरे इस एयरपोर्ट में चलते हुए यात्रियों को शहर की भीड़भाड़ का एहसास ही नहीं होता. यही कारण है कि कई लोग अपनी कनेक्टिंग फ्लाइट के दौरान भी यहां समय बिताना पसंद करते हैं. यहां बटरफ्लाई पार्क भी है जहां हजारों तितलियां रहती है और लोग वहां जाकर उन्हें देख सकते हैं.

चांगी एयरपोर्ट का सबसे मशहूर आकर्षण ‘रेन वोर्टेक्स’ (Rain Vortex) है. लगभग 130 फीट ऊंचा यह इनडोर झरना दुनिया का सबसे बड़ा इनडोर वॉटरफॉल माना जाता है. कांच से बने विशाल गुंबद के बीचों-बीच गिरता यह झरना दिन में जितना खूबसूरत दिखता है, रात में रंग-बिरंगी रोशनी और म्यूजिक शो के साथ उसका नजारा और भी ज्यादा शानदार हो जाता है. यही जगह सबसे ज्यादा पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करती है.

चांगी एयरपोर्ट सिर्फ यात्रा करने की जगह नहीं है, बल्कि यहां मनोरंजन के भी कई विकल्प मौजूद हैं. एयरपोर्ट की छत पर बना स्विमिंग पूल(Swimming Pool) यात्रियों को आराम करने का मौका देता है. इसके अलावा यहां चार मंजिला गार्डन बनाया गया है, जहां कई तरह के पौधे लगाए गए हैं. यहीं नहीं, एयरपोर्ट में फिल्म थिएटर, बच्चों के खेलने की जगह, शॉपिंग मॉल, रेस्टोरेंट और कैफे जैसी कई सुविधाएं भी हैं. कैनोपी पार्क, ग्लास बॉटम ब्रिज, मिरर मेज और आकर्षक स्कल्पचर भी यहां आने वाले लोगों को रोमांचक अनुभव देते हैं.

हाल के सालों में किए गए मार्डन बदलावों के बाद सिंगापुर के चांगी एयरपोर्ट को और भी आकर्षक बना दिया गया है. खासतौर पर टर्मिनल-2 को पूरी तरह नए अंदाज में तैयार किया गया है, जहां यात्रियों के लिए कई नई और आधुनिक सुविधाएं जोड़ी गई हैं. इनमें सबसे खास हैं रोबोट बारटेंडर, जो मेहमानों को कॉकटेल सर्व करते हैं. ‘टोनी’ (Toni) नाम का यह रोबोट लोटे ड्यूटी फ्री वाइन्स एंड स्पिरिट्स (Lotte Duty Free Wines and Spirits) स्टोर पर तैनात है. यह आधुनिक तकनीक की मदद से यात्रियों को कॉकटेल तैयार करके परोसता है, जिससे उनका एयरपोर्ट अनुभव और भी यादगार बन जाता है.

चांगी एयरपोर्ट का डिजाइन मशहूर आर्किटेक्ट मोशे सफ्दी ने तैयार किया है. अप्रैल 2019 में शुरू हुए ज्वेल चांगी (Jewel Changi) कॉम्प्लेक्स ने इसकी लोकप्रियता को और बढ़ा दिया. यहां बना विशाल कांच का ढांचा, वर्षावन जैसा वातावरण और शानदार वास्तुकला दुनिया भर के पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करती है. इसी वजह से कई लोग अपनी यात्रा के दौरान जानबूझकर ऐसी फ्लाइट चुनते हैं, जिसमें चांगी एयरपोर्ट पर कुछ घंटों का स्टॉपओवर मिले, ताकि वे इसकी खूबसूरती का आनंद ले सकें. चांगी एयरपोर्ट अपनी बेहतरीन साफ-सफाई, शानदार सेवाओं और आधुनिक सुविधाओं के कारण कई बार स्काईट्रैक्स वर्ल्ड एयरपोर्ट अवॉर्ड्स में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ एयरपोर्ट का खिताब जीत चुका है. इसका विशाल परिसर करीब 10.46 लाख वर्गफुट में फैला हुआ है और इसे बनाने में लगभग 1.25 अरब अमेरिकी डॉलर की लागत आई थी.
टॉप वीडियो