दुनिया का सबसे बड़ा समुद्री सांप, शार्क का करता था शिकार
दुनियाभर में वैज्ञानिक समय-समय पर नई-नई खोजे करते हैं। इनमें कई ऐसी खोजें होती हैं, जिन्हें देखकर वैज्ञानिक भी हैरान हो जाते हैं। अब इस बीच उन्होंने एक ऐसी खोज की है, जिसने पूरी दुनिया को चौंका दिया है। वैज्ञानिकों ने विशाल सांप की खोज की है। यह अब तक सबसे बड़ा समुद्री सांप माना जा रहा है। यह सांप धरती पर इंसानों के आने से लाखों साल पहले था। इसको आकार को देखकर वैज्ञानिक भी हैरान हैं। सांप का नाम पैलियोफिस कोलोसियस है। यह विशाल सांप समुद्र में उथले पानी में घूमता था जो अब मौजूद नहीं है। शोधकर्ताओं ने बताया कि यह प्रजाति न सिर्फ बड़ी थी, बल्कि शार्क जैसे बड़े शिकारियों का भी शिकार करती होगी। वैज्ञानिकों ने कहा कि सांप की यह प्रजाति 5.6 करोड़ से 3.4 करोड़ साल पहले रहती थी।
वैज्ञानिकों ने इसे लेकर शोध किया है, जिसमें बताया गया है कि इओसीन युग के दौरान महासागरों में रहने वाला पैलियोफिस कोलोसियस सांप उस दौरान समुद्री इकोसिस्टम में पहले पायदान पर था। सबसे ज्यादा हैरानी करने वाली बात सांप की लंबाई है। वर्तमान समय में समुद्री सांप 2-3 मीटर से ज्यादा लंबे नहीं होते हैं।
वैज्ञानिकों ने बताया है कि पैलियोफिस कोलोसियस की लंबाई 8 से 12 मीटर तक होती थी। इस विशाल प्रजाति की खोज से समुद्री सांपों के बारे में कई मान्यताओं की फिर से जांच करने का मौका मिलेगा। वैज्ञानिकों ने इस सांप की सिर्फ रीढ़ की हड्डियां खोजी हैं, जो असामान्य रूप से बड़ी हैं। साल 2018 में किए गए एक अध्ययन में बताया गया है कि इस सांप की रीढ़ की हड्डियां किसी भी ज्ञात आधुनिक सांप प्रजाति (समुद्री या स्थलीय) की तुलना में काफी बड़ी हैं। शोधकर्ताओं ने बताया है कि सांप के जीवाश्म डेटा से जानकारी मिली है कि पुराने महासागरों में जो जीव रहते थे वो पहले की गई कल्पनाओं से अधिक बड़े और शक्तिशाली थे।
अध्ययन में वैज्ञानिकों को कुछ ऐसे सबूत मिले हैं, जो इस जीव के लिए उथले समुद्री वातावरण की ओर तरफ इशारा करते हैं, जो कभी उत्तरी अफ्रीका के कुछ इलाकों को कवर करता था। इस इलाके को ट्रांस-सहारा सीवे के नाम से जानते हैं। यह उस समय था, जब वैश्विक तापमान अभी की तुलना में ज्यादा था। वर्तमान समय का यह रेगिस्तानी क्षेत्र कभी तटीय जल से भरा था। बड़े सरीसृप यानी रेंगकर चलने वाले जीव गर्मी पर निर्भर करते हैं। वैज्ञानिक मानते हैं कि शायद अलग-अलग प्रकार की मछलियों, शार्क और दूसरे समुद्री सरीसृपों को यह शिकार करता था। शोधकर्ताओं ने उम्मीद जतई है कि इस विशाल सांप ने जिंदा रहने के लिए शार्क खाईं हों। लेकिन कोई स्पष्ट सबूत नहीं है कि पैलियोफिस कोलोसियस किस चीज का शिकार करता था।
