अंडर 19 क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारत बना विश्व विजेता, सीएम विष्णुदेव साय ने दी बधाई
भारत ने अंडर 19 विश्वकप क्रिकेट में धमाकेदार जीत दर्ज की है. जिम्बाब्वे की राजधानी हरारे में हुए इस फाइनल मैच में भारतीय टीम ने पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी. भारत की ओर से विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 175 रनों की विशाल पारी खेली. उनके इन रनों की बदौलत भारत ने इंग्लैंड के सामने 412 रनों का विशाल लक्ष्य रखा. इस टारगेट का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम के बल्लेबाज लगातार आउट होते रहे. उसके बाद पूरी इंग्लिश टीम 312 रन के स्कोर पर सिमट गई. इस तरह भारत ने अंडर 19 क्रिकेट वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया. अंडर 19 वर्ल्ड कप क्रिकेट में खिताबी जीत दर्ज करने पर पूरे देश से टीम इंडिया के लिए बधाइयों का संदेश आ रहा है. छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने भी भारतीय टीम को बधाई दी है.
छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने अंडर-19 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन पर टीम इंडिया को बधाई दी है. उन्होंने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा कि अंडर-19 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय युवा टीम ने इंग्लैंड को हराकर देश को गौरवान्वित किया है. इस ऐतिहासिक जीत पर पूरी टीम को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं.
सीएम साय ने वैभव सूर्यवंशी की धमाकेदार पारी के लिए उन्हें बधाई दी है. उन्होंने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि विशेष रूप से युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी ने 175 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर न केवल मैच को भारत के पक्ष में मोड़ा, बल्कि अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास से दुनिया भर में भारतीय क्रिकेट की नई ताकत का परिचय दिया. उनका यह प्रदर्शन आने वाली पीढ़ियों के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा.
भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने के साथ छठी बार अंडर-19 विश्वकप क्रिकेट में विजेता बनने का सफर पूरा किया है. टीम इंडिया की इस कामयाबी ने सबका दिल जीत लिया.
