अमेरिका के टेनेसी राज्य में मौजूद एक जू में ऐसा जिराफ जन्मा है, जिसके शरीर पर कोई भी धारी नहीं है। इसे दुनिया का पहला ‘स्पॉटलेस’ जिराफ कहा जा रहा है। इसका कलर पूरी तरह ब्राउन है। खास बात यह है कि इस जिराफ की मां के शरीर पर आम जिराफ की तरह धारियां मौजूद हैं।
जिराफ का नाम रखने के लिए जू एडमिनिस्ट्रेशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की मदद ली है। दरअसल, जू एडमिनिस्ट्रेशन का कहना है कि जिस तरह का यह यूनीक जिराफ है, उसका नाम भी उतना ही यूनीक यानी अनोखा होना चाहिए।
इस जिराफ का जन्म 31 जुलाई को हुआ था। हालांकि, ऑफिशियली इसकी जानकारी अब सामने आई है। यह मादा जिराफ है। ब्राइट जू में जन्मे इस जिराफ के बारे में एडमिनिस्ट्रेशन ने कहा- हमने जिराफ के एक्सपर्ट्स से बातचीत की है। अब तक जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक, दुनिया में बिना धारियों वाला कोई जिराफ नहीं है। इसका कलर पूरी तरह ब्राउन है। इसके अलावा उसका पूरा शरीर ठीक वैसा ही है, जैसा बाकी जिराफों का होता है।
इसकी हाइट करीब 6 फीट है। जू एडमिनिस्ट्रेशन उसको स्पेशल ट्रीटमेंट और केयर दे रहा है। हालांकि, एक्सपर्ट्स भी अब तक यह नहीं बता सकें कि आखिर कैसे यह मादा जिराफ बिना धारियों के पैदा हुई।
एक्सपर्ट्स का कहना है कि जिराफ को धारियां उसकी मां से ही मिलती हैं। अब चूंकि इस जिराफ की मां के शरीर पर भी आम जिराफों की तरह धारियां मौजूद हैं तो फिर यह लिटिल जिराफ बिना धारियों के पैदा कैसे हुआ?