दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गुरुवार रात शराब नीति मामले में गिरफ्तारी हुई। दुनिया भर के मीडिया संस्थानों ने अपने-अपने नजरिए से इस गिरफ्तारी की कवरेज की है। अमेरिकी मीडिया हाउस वॉशिंगटन पोस्ट ने लिखा है, ‘विरोधियों पर कार्रवाई में तेजी के बीच भारत ने दिल्ली के CM को गिरफ्तार किया’।
वॉशिंगटन पोस्ट ने लिखा है, ‘ केजरीवाल भारत की राजधानी और पंजाब राज्य पर शासन करते हैं, उनकी गिरफ्तारी हाल ही में हुई किसी विपक्षी नेता की दूसरी बड़ी गिरफ्तारी है। पोस्ट ने केजरीवाल से पहले झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी का भी जिक्र किया है। वॉशिंगटन पोस्ट ने लिखा है कि शराब नीति मामले में केजरीवाल की भूमिका स्पष्ट नहीं है। विपक्ष ने हाल ही के दिनों में मोदी सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों के गलत इस्तेमाल के आरोप लगाए हैं। पोस्ट ने भी भारत में विपक्षी पार्टियों पर कार्रवाई का जिक्र करते हुए राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस का जिक्र किया। पोस्ट ने राहुल के उस बयान को उठाया है जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस के पास एक रेल टिकट खरीदने के पैसे भी नहीं थे।