टीम इंडिया ने राजकोट टेस्ट रिकॉर्ड 434 रन से जीत लिया है। 557 रन के टारगेट के सामने इंग्लैंड टीम चौथी पारी में 122 रन ही बना सकी। रनों के अंतर से यह भारत की सबसे बड़ी जीत है। यशस्वी जायसवाल के दोहरे शतक की वजह से भारतीय टीम इंग्लैंड को 557 रन का टारगेट देने में सफल रही। जायसवाल ने 214 रन की पारी में 12 सिक्स लगाए, जो किसी भी भारतीय द्वारा एक इनिंग में सबसे ज्यादा हैं। साथ ही वसीम अकरम (Vs जिम्बाब्वे) के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी भी की। सीरीज में भी जायसवाल 22 सिक्स पूरे कर चुके हैं। वहीं, भारत ने दोनों पारियों में तीसरी बार 400+ का स्कोर बनाया।
यशस्वी जायसवाल एक पारी में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने राजकोट में दूसरी पारी में 12 सिक्स लगाए। इसी के साथ ही उन्होंने पूर्व भारतीय बैटर नवजोत सिंह सिद्धू और मयंक अग्रवाल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। सिद्धू ने 1994 में श्रीलंका के खिलाफ लखनऊ में पहली पारी में 8 सिक्स लगाए थे। वहीं, मयंक अग्रवाल ने 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ इंदौर के होलकर स्टेडियम में 8 सिक्स लगाए थे। जायसवाल ने दुनिया में इस रिकॉर्ड में पाकिस्तान के वसीम अकरम की बराबरी कर ली है। अकरम ने 1996 में शेखुपुरा के मैदान पर जिम्बाब्वे के खिलाफ 12 सिक्स लगाए थे, जो अब तक सबसे ज्यादा हैं।