छत्तीसगढ़ में लौटता मानसून एक बार फिर बरसने वाला है। मौसम विभाग ने बस्तर, कोंडागांव, कांकेर सहित 11 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है, यहां गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है। वहीं रायपुर, बिलासपुर और बस्तर संभाग के जिलों में बूंदाबांदी के आसार हैं। बुधवार को प्रदेश में मानसून की सक्रियता सामान्य से कम रही। प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बलरामपुर में 20 मिमी पानी बरसा है। मानसून की बिदाई के दौरान सीवी क्लाउड यानी क्यूमोलोनिंबस क्लाउड बनने के कारण बादल और छोटे-छोटे पैकेट में बारिश हो रही है। जिसके कारण दिन में तेज गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली। बुधवार को रायपुर में सुबह धूप निकली लेकिन दोपहर बाद बादल छाए रहे, जिसकी वजह से लोगों को गर्मी से राहत मिली।
रायपुर में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान 34°C और 25°C के आसपास रहने की संभावना है। बुधवार को रायपुर में दिन का पारा 34.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है। उत्तर-पश्चिम भारत के बड़े हिस्से से मानसून लौट चुका है। छत्तीसगढ़ से अगले सप्ताह तक मानसून लौट जाएगा।