इंद्रप्रस्थ परिसर में युवक का शव मिलने से सनसनी, LIG सी-ब्लॉक के 9वें फ्लोर में लटका मिला युवक, पुलिस जुटी जांच में
रायपुर के इंद्रप्रस्थ फेस-02 स्थित एलआईजी सी-ब्लॉक में एक युवक का शव संदिग्ध हालत में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। युवक का शव बिल्डिंग की छत पर फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही कॉलोनी के लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। युवक की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। डीडी नगर पुलिस मामलें मर्ग कायम करके जांच कर रही है। डीडी नगर पुलिस के अनुसार गुरुवार की सुबह 11.00 बजे इंद्रप्रस्थ फेस-02 स्थित एलआईजी सी-ब्लॉक में कुछ लोगों ने बिल्डिंग की छत पर युवक को फंदे से लटका देखा। इसके बाद पूरे परिसर में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर जांच शुरू की।
पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृत युवक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं बिल्डिंग और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक कब और कैसे छत तक पहुंचा। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि देर रात तक किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि नजर नहीं आई थी। सुबह अचानक शव मिलने के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
डीडी नगर थाना प्रभारी गौतम गावड़े के अनुसार पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मर्ग कायम कर जांच जारी है। वहीं युवक के परिजनों और परिचितों की जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है।
