मुंबई में म्यूजिक इवेंट के दौरान युवक की मौत, महिला की तबीयत बिगड़ी, ऑर्गनाइजर की तलाश जारी

मुंबई के वर्ली इलाके में रविवार तड़के आयोजित एक म्यूजिक इवेंट के दौरान एक 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि एक महिला की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शुरुआती जांच में ड्रग्स के इस्तेमाल का कोई सबूत नहीं मिला है, हालांकि दोनों ने शराब का सेवन किया था। यह घटना वर्ली के एनएससीआई डोम में आयोजित क्लैंगकुएन्स्टलर ऑल नाइट लॉन्ग नामक म्यूजिकल शो के दौरान हुई। तारदेव पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान युवक को अचानक मेडिकल इमरजेंसी का सामना करना पड़ा। उसे तुरंत मालाबार हिल स्थित ब्रीच कैंडी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया।

अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में डिहाइड्रेशन को मौत का एक संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि मौत की सटीक वजह आगे की मेडिकल जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। इसी इवेंट में एक 31 वर्षीय एक महिला की तबीयत खराब हो गई। उसे इलाज के लिए जसलोक अस्पताल ले जाया गया, जहां फिलहाल उसकी हालत स्थिर है। पुलिस के अनुसार, महिला ने पूछताछ में बताया है कि उसने शराब के साथ कुछ एनर्जी ड्रिंक का सेवन किया था।

पुलिस ने ड्रग्स के ओवरडोज जैसी किसी भी आशंका से फिलहाल इनकार किया है। अधिकारी ने कहा, “हमारी अब तक की जांच में किसी भी प्रकार के ड्रग्स के उपयोग का कोई सबूत सामने नहीं आया है। घटनाओं की पूरी कड़ी को समझने के लिए इवेंट वेन्यू और उसके आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सबूतों की जांच की जा रही है।” पुलिस ने बताया कि तारदेव पुलिस स्टेशन में दोनों घटनाओं की अलग-अलग एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। गौरतलब है कि इसी साल अप्रैल में मुंबई के गोरेगांव स्थित नेस्को एग्जीबिशन सेंटर में एक म्यूजिक कॉन्सर्ट में शामिल होने गए दो एमबीए छात्रों की मौत हो गई थी।

उस समय मौत की वजह कथित तौर पर ड्रग्स का ओवरडोज बताई गई थी। पुलिस ने बाद में उस मामले के संबंध में कई लोगों को गिरफ्तार भी किया था।