दो हजार रुपए की उधारी पर युवक की हत्या, बचाने पहुंचे मां व भाई घायल, तीन आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ : दो हजार रुपए की पुरानी उधारी ने एक परिवार की खुशियां छीन ली। अंडा ग्राम में मंगलवार रात शीतला तालाब के पास हुए विवाद ने इतना भयानक रूप ले लिया कि एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसे बचाने पहुंचे उसकी मां और भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरतार कर लिया है। पाटन एसडीओपी अनूप लकड़ा ने बताया कि ओमकारेश्वर सिन्हा (अंडा निवासी) गांव के अटल चौक पर पान ठेला चलाता था। 11 नवबर को वह दुकान बंद कर घर लौटा ही था कि उसके परिचित लिकेश साहू ने फोन कर बताया कि शीतला तालाब के पास उसका झगड़ा चल रहा है। ओमकारेश्वर का भाई नागेश्वर सिन्हा और मां लक्ष्मी सिन्हा तत्काल वहां पहुंचे। मौके पर देखा कि अजीत धीवर, उसका भाई चेतन धीवर और भांजा नमेश धीवर डंडों से ओमकारेश्वर पर ताबड़तोड़ हमला कर रहे थे। नागेश्वर और उनकी मां ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उन पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि ओमकारेश्वर ने कुछ महीने पहले अजीत धीवर से दो हजार रुपए का सामान उधार लिया था, जिसे वह लौटा नहीं पाया था। इसी को लेकर अजीत ने उसे मोबाइल पर मैसेज भेजा कि इस जनम में लौटाएगा या नहीं? इस संदेश से नाराज होकर ओमकारेश्वर उनसे मिलने चला गया, जहां मामूली बहस मारपीट में बदल गई। अजीत ने डंडे से सिर और सीने पर वार किए, जबकि चेतन और नमेश ने लात-घूंसों से हमला किया। गंभीर रूप से घायल ओमकारेश्वर को परिजन किसी तरह घर लाए और फिर दुर्ग के शासकीय अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। लोग अविश्वास में हैं कि मात्र दो हजार रुपए जैसी मामूली रकम ने एक परिवार को तबाह कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों अजीत धीवर, चेतन धीवर और नमेश धीवर को गिरतार कर लिया है।
