पिस्टल संग रील बनाने वाली युवती वायरल, हथियार लहराते बनाया वीडियो, अब पुलिस तलाश रही कुंडली
रीवा जिले में सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन का एक और मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। हाल ही में जिले में हुई फायरिंग की घटनाओं के बीच अब एक युवती द्वारा कथित तौर पर अवैध पिस्टल के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने का मामला चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, इंस्टाग्राम पर “manu_rewa” नामक आईडी से एक युवती ने पिस्टल के साथ दो अलग-अलग रील पोस्ट की हैं। इन वीडियो में युवती हथियार लहराते हुए नजर आ रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इन रीलों को हजारों लोग देख चुके हैं, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रीवा में पिछले कुछ समय से हथियारों के प्रदर्शन और फायरिंग की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे में खुलेआम हथियारों के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करना कानून व्यवस्था को चुनौती देने जैसा माना जा रहा है। वायरल वीडियो को लेकर लोगों ने भी चिंता जताई है और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि कुछ समय पहले समान थाना क्षेत्र में वीडियो कॉल के दौरान अवैध पिस्तौल का प्रदर्शन करने वाले एक युवक के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की थी। उस मामले में पुलिस ने हथियार जब्त कर आरोपी पर आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया था। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।
मामले की जानकारी सामने आने के बाद रीवा पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरुकरण सिंह ने वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे हथियार की जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो में दिखाई दे रही पिस्टल वैध है या अवैध तथा युवती की पहचान और उसके हथियार से संबंध की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में यदि हथियार अवैध पाया जाता है या किसी प्रकार का कानून उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित युवती के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
