चलती कार का सनरूफ खोलकर युवतियों की मस्ती, बिलासपुर में NH पर लहराई गाड़ी, रील्स के लिए स्टंटबाजी
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर दो युवतियों ने चलती कार का सनरूफ खोलकर खतरनाक स्टंटबाजी की, जबकि ड्राइवर हाईवे पर तेज रफ्तार कार को लापरवाही से लहराते हुए चलाता रहा। शनिवार तड़के करीब 4 से 4:30 बजे के बीच की इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है; हालांकि पुलिस का कहना है कि कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन मालिक की पहचान की जा रही है, जिसके बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वीडियो में दो युवतियां सनरूफ से बाहर निकलकर खड़ी नजर आ रही हैं और चलती कार में मस्ती करती दिखाई दे रही हैं। वहीं, ड्राइवर कार को लापरवाही से लहराते हुए चलाता नजर आ रहा है। इस दौरान पीछे चल रहे किसी वाहन सवार ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वहीं एक्सपर्ट का कहना है कि तेज रफ्तार वाहन में इस तरह का स्टंट मामूली झटके या अचानक ब्रेक लगने की स्थिति में जानलेवा साबित हो सकता है। चालक का वाहन को बार-बार लहराते हुए चलाना हादसे की आशंका को और बढ़ा रहा था।
पुलिस और यातायात विभाग पिछले कई महीनों से स्टंट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं। कई लोगों पर भारी जुर्माना लगाया जा चुका है और कुछ वाहनों को भी जब्त किया गया है। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर मशहूर होने की चाह में कुछ युवा यातायात नियमों की अनदेखी कर खतरनाक स्टंट कर रहे हैं।
वहीं, ट्रैफिक एएसपी रामगोपाल करियारे ने कहा कि इस तरह के मामलों में पुलिस लगातार सख्ती से कार्रवाई कर रही है। इस मामले में भी कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन मालिक और संबंधित लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि इससे पहले भी रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर युवती चलती BMW कार का सनरूफ खोलकर डांस करती नजर आई थी। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार सवार रसूखदार युवक को पकड़ लिया थी और उसकी कार जब्त कर ली थी।
