दुर्ग के सब्जी मंडी में नशीली दवाएं बेचते युवक गिरफ्तार, आरोपी के पास से 72 नशीले कैप्सूल जब्त
दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना पुलिस ने धमधा रोड स्थित सब्जी मंडी में घेराबंदी कर युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहा था। पुलिस ने उसके पास से 72 नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं। यह कार्रवाई 29 मार्च को की गई। दरअसल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि धमधा रोड स्थित सब्जी मंडी के पास एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में घूम रहा है और उसके पास नशीली दवाएं हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की और संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस टीम ने जब युवक की तलाशी ली, तो उसके पहने हुए लोवर की जेब से प्रतिबंधित नशीली दवाओं के 72 कैप्सूल बरामद किए गए। आरोपी की पहचान 28 वर्षीय दीपक ठाकुर के रूप में हुई है, जो दुर्ग के सिकोला भाठा इलाके का निवासी है।
कड़ाई से पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि अधिक मुनाफा कमाने के लालच में वह इन दवाओं को अवैध रूप से बेचने का काम कर रहा था। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास से नशीली दवाओं के अलावा नकद पैसे भी बरामद किए हैं। जब्त किए गए 72 कैप्सूल की कीमत लगभग 28,800 रुपए आंकी गई है। इसके अलावा आरोपी के पास से 960 रुपए नकद भी मिले हैं।
इस तरह पुलिस ने कुल 29,760 रुपए का सामान जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ मोहन नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट की अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
