‘युवाओं के लिए मर मिटने को तैयार हूं’, हिरासत में लिए जाने के बाद बोले तेज प्रताप
पटना में तेज प्रताप यादव को शनिवार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. बताया जा रहा है कि वह युवाओं के समर्थन में चल रहे प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे. हिरासत में लिए जाने के बाद उन्होंने कहा, “हम युवाओं के साथ खड़े हैं और उनके लिए मर मिटने को भी तैयार हैं.” उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
पटना पुलिस ने दावा किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर उन्हें हिरासत में लिया गया है. फिलहाल प्रदर्शन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. आपको बता दें कि पेपर लीक समेत कई मांगों को लेकर पटना के गांधी मैदान में युवा विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. हालांकि पटना के गांधी मैदान में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और छात्रों को इकट्ठा नहीं होने दिया जा रहा है. लेफ्ट संगठनों के छात्र गांधी मैदान पहुंच रहे हैं, लेकिन जैसे ही छात्र पहुंचते हैं उन्हें पकड़ लिया जा रहा है और वहां से हटाया जा रहा है.
विरोध में पहुंचने वाले अधिकतर छात्रों की केंद्र सरकार से मांग है कि धर्मेंद्र प्रधान को शिक्षा मंत्री के पद से हटा दिया जाए या फिर वह खुद इस्तीफे दे दें. पटना में तेजप्रताप को हिरासत में लिए जाने का एक वीडियो भी सामने आया है. जिसमें देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मी उन्हें हिरासत में लेने के बाद एक कार में बैठाकर ले जा रहे हैं. जिस वक्त उन्हें हिरासत में लिया गया, उस वक्त बड़ी संख्या में छात्र और उनके समर्थक मौजूद थे.
