युवक को चोर समझकर की हत्या.. ‘आंबेडकर’ के पांच सुरक्षा गार्ड्स को आजीवन कारावास

रायपुर। मौदहापारा थाना क्षेत्र में तीन वर्ष पूर्व एक युवक की हत्या करने के आरोप में कोर्ट ने पांच आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। जिन लोगों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है, वे सभी आंबेडकर अस्पताल के गार्ड हैं। आरोपियों ने मृतक को चोर समझकर अधमरा होते तक पिटाई करने के बाद अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया था। जहां उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई थी। मामले की सुनवाई विशेष न्यायाधीश पंकज सिन्हा की कोर्ट में हुई है। अतिरिक्त लोक अभियोजक पूजा मोहिते के अनुसार, कोर्ट ने रोहित कुमार कुशवाहा की हत्या के आरोप में सुभाषचंद्र यादव, भूपेंद्र मिश्रा, जयनारायण सिंह तथा योगेंद्र मिश्रा को कैद की सजा सुनाई है। पांच आरोपी मध्यप्रदेश तथा उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं।

पुलिस द्वारा कोर्ट में पेश केस डायरी के मुताबिक वर्ष 2023 को 5-6 दरमियानी रात रोहित आंबेडकर अस्पताल के पास फिजोयोथैरेपी कॉलेज के पास घूम रहा था। इस दौरान पांचों सुरक्षा गार्ड रोहित को चोर समझ और अधमरा होने तक पिटाई करने के बाद अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करा दिए, जहां रोहित की उपचार के दौरान मौत हो गई।

मृतक के परिजनों ने पुलिस को अपने बयान में बताया था कि रोहित काम की तलाश में रायपुर आया था। पिछले कई दिनों से काम नहीं मिलने की वजह से भूखा-प्यासा भटक रहा था। सुरक्षा कर्मियों ने रोहित से बगैर पूछताछ किए उसके साथ मारपीट की। रोहित की मौत के बाद आरोपी सुरक्षाकर्मियों ने थाने में सूचना दी थी। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान कर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया।