पाकिस्तानी हैंडलर्स के इशारे पर देशविरोधी गतिविधियों लिप्त दो युवक भोपाल व सहारनपुर से गिरफ्तार, ATS ने की कार्रवाई

मध्य प्रदेश आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस) ने भोपाल के काजीकैंप और उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इन पर देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने का आरोप है। भोपाल के काजीकैंप से गिरफ्तार 34 वर्षीय मोहम्मद फराज को न्यायालय में प्रस्तुत कर 16 जून तक के लिए हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं सहारनपुर के नईम अब्दुल्ला की गिरफ्तारी की जानकारी सार्वजनिक नहीं की।

दोनों पिछले छह साल से एक दूसरे के संपर्क में थे और पाकिस्तानी हैंडलर्स के इशारे पर काम कर रहे थे। एटीएस को फराज के मोबाइल में पाकिस्तान से भेजे गए आपत्तिजनक दस्तावेज भी मिले हैं। सूत्रों का कहना है कि वह पाकिस्तान और दूसरे देश के जिहादी वाट्सएप ग्रुप से जुड़ा था और प्रदेश के युवाओं का नेटवर्क बनाकर देश विरोधी गतिविधियां कर रहा था।

पूछताछ में पता चला है कि नईम ने ही पाकिस्तानी हैंडलर्स से फराज का परिचय कराया था। वह उसे पाकिस्तान के खालिद सैफुल्लाह जैसा बनने और काम करने के लिए कहा था। साथ ही उसे जिहाद से जुड़ने, लोगों में भय पैदा करने और टारगेट किलिंग के लिए उसकाया। फराज ने शपथ ली कि हैंडलर द्वारा जो भी काम सौंपा जाएगा उसे वह पूरा करेगा।

नेटवर्क से जुड़े लोगों को पासपोर्ट बनवाने के लिए भी कहा गया, ताकि उन्हें दूसरे देश में मुजाहिदीन के प्रशिक्षण के लिए भेजा जा सके। फराज ने भी पासपोर्ट बनवा लिया था। बताया कि वह टेलीग्राम, वाट्सएप ग्रुप के माध्यम से देश के, पाकिस्तानी और अन्य देश के मुजाहिदो से भी जुड़ा है। आरोपित ने यह भी बताया कि इंडियन मुजाहिदीन की ट्रेनिंग के वीडियो भी उसके पास हैंडलर्स ने भेजे थे। उन्होंने यह भी कहा था कि लोकतांत्रिक व्यवस्था स्वीकार नहीं है। इसके लिए लड़के तैयार किए जा रहे हैं। सभी के पास हथियार होने चाहिए। समय आने पर हिंदुस्तानी शासन को उखाड़ फेंकेंगे और शरीयत लागू करेंगे।

एटीएस अब उससे पूछताछ कर देश-विदेश और प्रदेश में नेटवर्क और उसे होने वाली फंडिंग के बारे जानकारी जुटाई जा रही है। उसके इंटरनेट मीडिया अकाउंट्स, मोबाइल में उपलब्ध दस्तावेज और काल डिटेल रिकार्ड की भी जांच की जा रही है। पता किया जाएगा कि वह किसी बड़े नेटवर्क से तो नहीं जुड़ा है।

भोपाल एटीएस की टीम ने यूपी एटीएस व एसटीएफ के साथ मिलकर देवबंद निवासी 38 वर्षीय नईम अब्दुल्ला को सहारनपुर के नानौता कस्बे से गिरफ्तार किया है। हालांकि, अभी इसकी पुष्टि नहीं की गई। आरोपित नईम पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में था। उसके इंटरनेट मीडिया अकाउंट पर भोपाल एटीएस काफी समय से नजर रख रही थी।

टीम ने आरोपित और उसके स्वजनों के मोबाइल भी कब्जे में लिए हैं। आरोपित के कमरे से कई धार्मिक साहित्य व किताबें भी बरामद की हैं। मोबाइल में महत्वपूर्ण जानकारी होने का दावा किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि भोपाल में पहले से दर्ज एक मुकदमे में नईम सह-आरोपित है। पड़ोसियों का कहना है कि नईम ज्यादातर अपने घर के अंदर ही रहता था। उसे किसी ने भी मोहल्ले में बात करते हुए नहीं देखा। एटीएस की एफआइआर में फिलहाल फराज और नईम, दो के ही नाम हैं। पूछताछ के बाद आरोपितों की संख्या बढ़ सकती है।