बांका के मंदार पर्वत पर युवती को घेरकर 6 युवकों ने की हैवानियत, जमुई- समस्तीपुर कांड के बाद तीसरी बड़ी घटना…
बांका: जिले के ऐतिहासिक एवं प्रमुख पर्यटन स्थल मंदार पर्वत से युवती के साथ कथित अभद्र व्यवहार और मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। वायरल वीडियो में कुछ युवक एक युवती के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करते और चप्पल से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में 3 सितंबर की तारीख दिखाई दे रही है। हालांकि, वीडियो पुलिस के संज्ञान में 22 सितंबर को आया। इसके बाद बौंसी पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार, 22 सितंबर को करीब 14:45 बजे सोशल मीडिया सेल के माध्यम से बौंसी थाना अध्यक्ष पंकज कुमार झा के व्हाट्सऐप पर वायरल वीडियो प्राप्त हुआ। वीडियो सामने आने के बाद वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर थाना अध्यक्ष पुलिस बल के साथ मंदार पर्वत पहुंचे। करीब 15 बजे पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे स्थान का सत्यापन किया।
पुलिस जांच में वायरल वीडियो मंदार पर्वत का पाया गया। प्राथमिकी के अनुसार, वीडियो में छह अज्ञात युवकों द्वारा एक युवती के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार एवं अश्लील हरकत की जा रही थी। इस दौरान घटना का वीडियो भी बनाया गया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने की बात प्राथमिकी में दर्ज की गई है।
बांका की घटना पर फिर बिहार शर्मसार हुआ। हमारी कितनी बहनों-बेटियों के साथ दुष्कर्म होता रहेगा?
पुलिस वीडियो वायरल होने के बाद ही हरकत में क्यों आती है?
कितने दोषी अधिकारियों पर कारवाई हुई?
आरोपियों की सामाजिक पृष्ठभूमि ही सजा का मापदंड क्यों?सम्राट चौधरी सहित एनडीए नेता ऐसी… pic.twitter.com/bQljKPsHck
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) September 25, 2026
वीडियो की पुष्टि के बाद पुलिस ने इसमें दिखाई दे रहे युवकों और युवती की पहचान का प्रयास शुरू किया। इसके लिए मंदार पर्वत के आसपास रहने वाले ग्रामीणों और वहां मौजूद दुकानदारों से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, स्थानीय दुकानदारों ने वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों के नवयुवक होने की जानकारी दी, लेकिन प्राथमिकी दर्ज होने तक किसी भी युवक की पहचान स्पष्ट रूप से नहीं हो सकी थी।
मामले में बौंसी थाना अध्यक्ष पंकज कुमार झा ने अपने बयान पर छह अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने वायरल वीडियो को मामले की जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य के तौर पर शामिल किया है। प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 75, 76 और 3(5) के साथ आईटी एक्ट 2000 की धारा 66E और 67A के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मंदार पर्वत जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल से इस तरह का वीडियो सामने आने के बाद वहां की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस अब वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे चेहरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपित युवकों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
