छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कल शुक्रवार को गेवरा-दीपका से पांच परिवार पिकनिक मनाने के लिए जांजगीर-चांपा जिले में हसदेव नदी के किनारे स्थित ग्राम देवरी गए हुए थे। इसमें कोलकर्मी लवकुश और जयचंद्र सिंह का परिवार भी शामिल था। दोपहर में हल्का भोजन लेने के बाद परिवार के दो युवक अश्वनी सिंह और सुमित सिंह नहाने के लिए देवरी के पिकनिक स्पॉट चिचोली पहुंचे। दोनों स्नान करने के लिए नदी में उतरे। इसी बीच गहरे पानी में समा गए। कई सेकंड बाद दोनों युवक बाहर नहीं निकले तो आसपास खड़े लोगो को संदेह हुआ। दोनों युवकों की पानी में तलाश शुरू की गई। लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। तब लोगाें को पता चला कि वे पानी में बह गए हैं।
कई घंटे तक चले खोजबीन के बाद हसदेव नदी के पानी से अश्वनी के शव को बरामद किया गया। देर शाम तक हसदेव नदी में सुमित की तलाश की गई। लेकिन अंधेरा होने के कारण राज्य आपदा प्रबंधन विभाग की टीम को अपना कार्य बंद करना पड़ा। टीम सुबह का इंतजार कर रही है। ताकि एक बार फिर सुमित की पतासाजी की जा सके।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार की सुबह गेवरा एनसीएच अस्पताल के पास स्थित दीपका के एमडी कॉलोनी में रहने वाले पांच परिवार पिकनिक मनाने के लिए देवरी चिचोली के लिए निकले। दोपहर को पिकनिक स्पॉट पहुंचे। दोपहर में ही पिकनिक स्पॉट पर परिवार की ओर से कुछ स्वल्पाहार तैयार किया गया। इसे खाने के बाद परिवार के सदस्य पिकनिक का आनंद लेने के लिए हसदेव नदी की तरफ घुमने निकल गए।
इसमें शामिल लवकुश सिंह के पुत्र अश्वनी सिंह और जयचंद्र के पुत्र सुमित सिंह सहित अन्य की इच्छा पानी में स्नान करने की हुई। जिस समय युवक स्नान कर रहे थे। उस समय नदी में बहाव तेज था। पानी में उतरकर अश्वनी और सुमित ने डुबकी लगाई। इसके बाद वे बाहर नहीं निकल सके। देखते ही देखते घटनास्थल पर खींच-पुकार मच गया।
मामले की सूचना पुलिस को दी गई। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग की टीम को अवगत कराया गया। उनकी खोजबीन शुरू की गई। एक युवक का शव बरामद किया गया। बताया जाता है कि स्कूलों मे शीतकालीन अवकाश होने के कारण दीपका के एमडी कॉलोनी में रहने वाले पांच परिवाराें ने पिकनिक जाने की योजना बनाई थी और सभी लोग पिकनिक स्थल के लिए रवाना हुए थे। इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोंर कर रख दिया है।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। अश्वनी के पिता लवकुश सिंह गेवरा प्रोजेक्ट में कार्य करते हैं। जबकि सुमित के पिता भी कोयला खदान में कार्यरत है। सुमित की मां गेवरा के सेंट थॉमस स्कूल में शिक्षिका हैं। इस हादसे की जानकारी जैसे ही दीपका पहुंची। कॉलोनी में सन्नाटा सा छा गया। शाम को घर के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। लोग घटना कैसे हुई? यह जानने के लिए पहुंचे हुए थे।
गेवरा-दीपका से पिकनिक मनाने जांजगीर-चांपा जिले के देवरी गए दो युवक हसदेव नदी में डूब गए। एक का शव का बरामद हुआ है। उसकी पहचान अश्वनी सिंह उम्र 24 वर्ष से की गई है, जो दीपका के एमडी कॉलोनी का रहने वाला है। वह बीआईटी दुर्ग में इंजीनियरिंग की पढ़ाई करता था। जबकि लापता युवक की पहचान सुमित सिंह उम्र 19 वर्ष से की गई है। वह डीएवी का छात्र है। नए साल से पहले हुई इस घटना ने परिवार को तोड़ कर दिया है।