जापान में मोदी बुलेट ट्रेन देखने पहुंचे, PM इशिबा के साथ नए E10 में सफर किया

PM मोदी जापान दौरे के दूसरे दिन एडवांस बुलेट ट्रेन E10 देखने मियागी प्रांत के सेंडाई पहुंचे। यहां उनके साथ जापान के PM शिगेरू इशिबा भी मौजूद थे। दोनों नेताओं ने ट्रेन में सफर भी किया। इस दौरान उन्होंने भारत के ट्रेन ड्राइवरों से मुलाकात भी की। इन्हें जापान का ईस्टर्न रेलवे ट्रेनिंग दे रहा है। ये भारत में चलने वाली बुलेट ट्रेनों को चलाएंगे। सेंडाई पहुंचने पर स्थानीय लोगों और भारतीय समुदाय ने उनका स्वागत किया। लोग हाथों में झंडे लेकर ‘जापान में आपका स्वागत है, मोदी सैन!’ के नारे लगा रहे थे। इससे पहले मोदी ने शुक्रवार को 15वें भारत-जापान समिट में हिस्सा लिया। इस दौरान दोनों देशों में 150 समझौते हुए। जापानी PM ने भारत में अगले 10 साल में 6 लाख करोड़ रुपए निवेश की बात कही। जापान के बाद मोदी दो दिन के दौरे पर चीन जाएंगे। वे रविवार को SCO समिट में शामिल होंगे। इसके अलावा मोदी चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात करेंगेमोदी ने सेंडाई में सेमीकंडक्टर चिप बनाने वाली फैक्ट्री टोक्यो इलेक्ट्रॉन लिमिटेड का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ जापानी प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा भी थे।

मोदी ने जापान के कई अहम लोगों से मुलाकात की। इसमें राजनीति, उद्योग, टेक्नोलॉजी और शिक्षा जगत के अधिकारियों के साथ बैठक की।

इसमें मियागी प्रान्त के गवर्नर मुराई, JR ईस्ट (जापान रेलवे ईस्ट कंपनी) के चेयरमैन फुकाजावा, टोक्यो इलेक्ट्रॉन (जापान की बड़ी टेक्नोलॉजी और सेमीकंडक्टर कंपनी) के प्रेसिडेंट कावाई और तोहोकू यूनिवर्सिटी के प्रेसिडेंट तोमुनागा थे।