जल संचय में देश में रायपुर नगर निगम को पहला स्थान, छत्तीसगढ़ ने हासिल किया दूसरा स्थान, CM ने दी बधाई

जल संचय जन भागीदारी पुरस्कार में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर को देशभर में पहला स्थान मिला है। वहीं, राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश को दूसरा स्थान मिला है। राज्य में अब तक जल संचय से जुड़े 4,05,563 कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं। रायपुर नगर निगम में 33,082 कार्य पूर्ण कर जल संरक्षण को जन-आंदोलन का रूप दिया गया है। जिला स्तर पर बालोद, राजनांदगांव, रायपुर सहित महासमुंद, बलौदा बाजार, गरियाबंद, बिलासपुर, रायगढ़, धमतरी, सुरजपुर और दुर्ग को भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त हुआ है।

रायपुर को पहला स्थान मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रदेशवासियो को बधाई दी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह सम्मान केवल प्रशासन का नहीं, बल्कि हर किसान, हर महिला, हर नौजवान और हर जनप्रतिनिधि का है, जिन्होंने पानी की हर बूंद को बचाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही जनकल्याण संभव है और छत्तीसगढ़ ने इसे सिद्ध कर दिखाया है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह उपलब्धि राज्य की ‘जन-संवाद एवं जनभागीदारी आधारित सुशासन नीति’ का प्रत्यक्ष परिणाम है। मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण को प्रदेश की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था और दीर्घकालिक विकास का सबसे महत्वपूर्ण आधार बताया। वहीं, डेप्युटी सीएम अरुण साव ने कहा- छत्तीसगढ़ की 3 करोड़ जनता को यह सुखद खबर साझा करते हुए मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि, छत्तीसगढ़ ने जल संचय जनभागीदारी 1.0 में नया इतिहास रचा है। छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान और राजधानी के रायपुर नगर निगम ने देशभर में पहले पायदान पर जगह बनाई है।