गुजरात में हाईवे डूबा, गरबा पंडाल ढहे, महाराष्ट्र के 3 हजार गांव डूबे, बारिश-बाढ़ से अब तक 104 मौतें

गुजरात में कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। इससे द्वारका में कल्याणपुर को पोरबंदर से जोड़ने वाला स्टेट हाईवे डूब गया। कल्याणपुर के पास एक कार पानी में बह गई। वडोदरा में गरबा पंडाल ढह गए। महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र के आठ जिलों में 3,050 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। 1 जून से 29 सितंबर तक बारिश-बाढ़ के कारण 104 लोगों की मौत हो गई है। नांदेड़ में सबसे ज्यादा 28 लोगों की मौत हुई। इसके अलावा संभाजीनगर, बीड, हिंगोली, जालना, धाराशिव, परभणी और लातूर में लोगों की जान गई। मराठवाड़ा की 2,701 किलोमीटर सड़कें टूट गईं और 1,504 पुल क्षतिग्रस्त हुए हैं। 1,064 स्कूल, 352 केंद्र और 58 सरकारी बिल्डिंग खराब हुईं। बारिश और बाढ़ को देखते हुए महाराष्ट्र बोर्ड ने 12वीं क्लास के एग्जाम फॉर्म भरने की तारीख 30 सितंबर से बढ़ाकर 20 अक्टूबर कर दी है। मौसम विभाग के मुताबिक, पूरे देश से मानसून की विदाई तय समय 15 अक्टूबर तक होने की संभावना है। पिछले साल भी मानसून 15 अक्टूबर को विदा हुआ था। देश में 1 जून से 30 सितंबर तक होने वाली बारिश मानसूनी मानी जाती है। इसके बाद भी छिटपुट बारिश जारी रहती है।

मुंबई में इस महीने 606 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। 2021 के बाद से शहर में दूसरी बार सितंबर महीने में सबसे ज्यादा बारिश हुई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार से शहर में बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। मुंबई के कई इलाकों में रविवार और सोमवार को रेड अलर्ट था। मुंबई के कई इलाकों में रविवार सुबह से सोमवार सुबह 8.30 बजे तक 24 घंटों में, 100 मिमी से ज्यादा बारिश हुई। ठाणे जिले के डोंबिवली में रविवार रात भारी बारिश के दौरान एक खुले नाले में गिरने से 13 साल के लड़के की मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *