चमगादड़ों ने फिर फैलाया आतंक, ब्राजील में मिला Covid-19 जैसा नया Virus
जापान, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और बेल्जियम के वैज्ञानिकों की एक अंतर्राष्ट्रीय टीम ने ब्राजील में मूंछों वाले चमगादड़ की एक प्रजाति में Covid-19 जैसा एक नया वायरस खोजा है. इससे यह डर पैदा हो गया है कि यह वायरस इंसानों में फैल सकता है और एक नई बीमारी को जन्म दे सकता है. चमगादड़ कई वायरस के प्राकृतिक भंडार होते हैं जिनमें बेटाकोरोनाविरस भी शामिल हैं जैसे SARS-CoV-2, जिससे Covid-19 हुआ और MERS-CoV वायरस. ओसाका और सिडनी यूनिवर्सिटी की टीम ने पटेरोनोटस पारनेली नामक छोटे कीटभक्षी चमगादड़ में इस वायरस का पता लगाया. इस चमगादड़ के चेहरे पर छोटे-छोटे बालों के गुच्छे होते हैं. इस नए वायरस का नाम BRZ batCoV रखा गया है. वैज्ञानिकों ने एक ऐसे पेपर में यह जानकारी दी है जो अभी बायो Rxiv पर छपा है और जिसकी पियर-रिव्यू अभी नहीं हुई है.
शोधकर्ताओं ने पाया कि यह नया वायरस इंसानों को संक्रमित करने वाले SARS-CoV-2 से सिर्फ एक अमीनो एसिड के अंतर के साथ एक सक्रिय फ्यूरिन क्लीवेज साइट(Furin Cleavage Site)रखता है. यह साइट SARS-CoV-2 और इबोला जैसे खतरनाक वायरसों में पाई जाती है और यह तय करती है कि वायरस कितना संक्रामक होगा और एक प्रजाति से दूसरी प्रजाति में फैल सकता है या नहीं.
वैज्ञानिकों ने यह भी पाया कि BRZ batCoV वायरस Covid से मिलता-जुलता नहीं है बल्कि यह MERS(ऊंट फ्लू)वायरस से ज्यादा करीब है. MERS Covid से कम फैलता है लेकिन बहुत ज्यादा घातक है. वैज्ञानिकों ने कहा कि इस बात का कोई सबूत नहीं है कि BRZ batCoV इंसानों को संक्रमित करता है या चमगादड़ की आबादी से आगे फैल गया है.
