शिव नाडर फिर भारत के सबसे बड़े परोपकारी बने, रोज ₹7.4 करोड़ दान किए, अंबानी दूसरे नंबर पर
भारत की 191 धनी शख्सियतों ने पिछले साल 10,380 करोड़ रुपए दान दिए। एडलगिव-हुरुन इंडिया परोपकार सूची-2025 के मुताबिक, HCL टेक के फाउंडर शिव नाडर एक बार फिर देश के सबसे बड़े परोपकारी रहे हैं। पिछले साल रोजाना औसतन 7.4 करोड़ रुपए दान दिए। साल में कुल 2,708 करोड़ दान किए। रिलायंस के मुकेश अंबानी दूसरे और बजाज ग्रुप तीसरे स्थान पर रहा। अडाणी 5वें नंबर पर हैं। सबसे ज्यादा दान देने वालों की सूची में 24 महिलाएं हैं। इनमें इंफोसिस के सह-संस्थापक नंदन निलेकणी की पत्नी रोहिणी निलेकणी शीर्ष पर हैं। उन्होंने 204 करोड़ रुपए दान किए। दूसरे स्थान पर बायोकॉन की संस्थापक किरण मजूमदार शॉ ने 83 करोड़ रुपए दान किए। वहीं, जेरोधा के निखिल कामत (39) और नितिन कामत (46) सबसे युवा परोपकारियों की लिस्ट में शीर्ष पर हैं। उन्होंने 147 करोड़ रुपए दान किए। दूसरे स्थान पर रहे बिन्नी बंसल (42) ने 18 करोड़ रुपए दान किए।
नाडर और उनका परिवार व्यक्तिगत दान सूची में भी शीर्ष पर रहा। उन्होंने निजी रूप से 2,537 करोड़ रुपए दान किए। इंफोसिस के सह-संस्थापक नंदन निलेकणी और उनकी पत्नी रोहिणी दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। इन्होंने 356 करोड़ और 199 करोड़ दान किए।
इंफोसिस के सह-संस्थापकों और उनके परिवारों ने एक नया रिकॉर्ड बनाया। नंदन निलेकणी, क्रिस गोपालकृष्णन, के. दिनेश, रोहिणी निलेकणी और कुमारी शिबुलाल ने मिलकर इस साल 850 करोड़ रुपए से अधिक दान किए। यह एक ही कंपनी से जुड़ा सबसे बड़ा परोपकारी योगदान है। कई प्रमुख पेशेवर प्रबंधकों ने अपनी निजी संपत्ति से दान किया। इनमें एल एंड टी ग्रुप के पूर्व चेयरमैन एएम नाइक (54 करोड़), अमित चंद्रा और अर्चना चंद्रा (47 करोड़) और वेंचर कैपिटलिस्ट प्रशांत प्रकाश और अमिता प्रशांत (17 करोड़) शामिल हैं। मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज ने कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत सबसे ज्यादा 1,309 करोड़ रुपए दान किए। यह अनिवार्य खर्च से 261 करोड़ रुपए अधिक है। रुंगटा सन्स ने 181 करोड़ रुपए का सीएसआर किया, जो तय खर्च से 114 करोड़ रुपए ज्यादा था। जिंदल स्टील एंड पावर ने 267 करोड़ रुपए सीएसआर पर खर्च किए, जो उनके तय खर्च से 100 करोड़ रुपए अधिक है।
HCL के फाउंडर शिव नाडर पिछले साल भी देश के सबसे बड़े परोपकारी थे। शिव और उनके परिवार ने वित्त वर्ष 2023-24 में 2,153 करोड़ रुपए का दान दिया था। यानी रोजाना 5.90 करोड़ रुपए दिए थे। यह जानकारी भी एडलगिव हुरुन इंडिया फिलैंथरोपी लिस्ट 2024 में दी गई थी।
इस लिस्ट के मुताबिक, दानवीरों की लिस्ट की टॉप 10 हस्तियों ने कुल 4,625 करोड़ का दान दिया था, जो लिस्ट में टोटल दान का लगभग 53% था। लिस्ट में कृष्णा चिवुकुला और सुस्मिता एंड सुब्रतो बागची ने 7वीं और 9वीं पोजिशन हासिल की थी। टॉप 10 में से 6 दानवीरों ने अपने CSR (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) के तहत शिक्षा में ज्यादा पैसा दिया था।
