बिहार चुनाव : जो शक था वही हुआ… महागठबंधन के हार पर दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस को दी ये नसीहत
बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों ने महागठबंधन को करारा झटका दिया है. एनडीए की प्रचंड बढ़त के बीच मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया दर्ज की है. उन्होंने कहा, ‘जो शक था, वही हुआ’. दिग्विजय ने कांग्रेस को नसीहत देते हुए संगठन पर विशेष ध्यान देने की बात कही. दिग्विजय सिंह ने पोस्ट में लिखा, “जो मेरा शक था वही हुआ. 62 लाख वोट कटे, जबकि 20 लाख वोट जुड़े, उसमें से 5 लाख वोट बिना एसआईआर फॉर्म भरे बांट दिए गए. अधिकांश वोट गरीबों, दलितों और अल्पसंख्यक वर्ग के कटे.” उन्होंने ईवीएम पर भी शंका जताई, “ईवीएम पर तो शंका बनी हुई है.”
सलाह देते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा, “कांग्रेस को अपने संगठन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है. आज का चुनाव मतदान केंद्र पर सघन जनसंपर्क का है, न कि रैली व जनसभा का.” उन्होंने जोर देकर कहा, संगठनात्मक कमजोरी ही हार का मुख्य कारण बनी. दिग्विजय ने यह भी उल्लेख किया कि वोटों में कटौती का असर मुख्य रूप से वंचित वर्गों पर पड़ा, जो महागठबंधन का वोट बैंक रहा है.

