48 लाख के 15 नक्सलियों का आत्म समर्पण, इनमें PPCM से लेकर ACM कैडर के नक्सली शामिल
छत्तीसगढ़ में चलाए जा रहे लगातार नक्सल विरोधी अभियानों को आज एक और बड़ी सफलता मिली है। सुकमा जिले में 15 सक्रिय माओवादियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया, और सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पित नक्सलियों पर राज्य सरकार द्वारा कुल ₹48 लाख का भारी भरकम इनाम घोषित था। इस आत्मसमर्पण में पीएलजीए (PLGA) बटालियन-01 के चार हार्डकोर सदस्य भी शामिल हैं, जिसे सुरक्षा बलों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों में अलग-अलग कैडर के सदस्य शामिल हैं, जिनमें 5 महिलाएं और 10 पुरुष माओवादी हैं। इनके आत्मसमर्पण से सुकमा क्षेत्र में नक्सली संगठन को बड़ा झटका लगा है।
नक्सली पदनाम सदस्यों की संख्या
पीपीसीएम (PPCM) 4
एससीएम (SCM) 2
पार्टी सदस्य 3
अन्य सक्रिय सदस्य 8
इनमें 4 माओवादियों पर ₹8-8 लाख, 2 पर ₹5-5 लाख, 1 पर ₹3 लाख और 1 पर ₹2 लाख, तथा 1 पर ₹1 लाख का इनाम घोषित था।
इस सफल आत्मसमर्पण अभियान में विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों और बलों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह सफलता जिला पुलिस बल, डीआरजी (DRG), आरएएफ (RAF), सीआरपीएफ (CRPF – 02, 212, 217, 223 बटालियन), कोबरा (COBRA 207) और विभिन्न इंटेलिजेंस एजेंसियों के बीच उत्कृष्ट समन्वय का परिणाम है।
