दिल्ली से इंडिगो की आज सभी फ्लाइट कैंसल, मुंबई का भी सेम हाल…
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो की उड़ानों में डिले और कैंसलेशन्स की वजह से पैसेंजर्स की परेशानी अपने चरम पर पहुंच चुकी है. करीब 300 फ्लाइट्स के कैंसलेशन के बाद इंडिगो ने दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशल एयरपोर्ट से आज रात 12 बजे तक शेड्यूल सभी फ्लाइ्स को कैंसल कर दिया है. साथ ही, मुंबई एयरपोर्ट पर भी शाम छह बजे तक की सभी फ्लाइ्स को इंडिगो ने रद्द कर दिया है. पिछले दो दिनों में इंडिगो की 1500 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसल हो चुकी हैं. इन कैंसलेशन की वजह से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद और पुणे जैसे कई प्रमुख एयरपोर्ट्स पर हाहाकार की स्थिति आ गई है. समय पर जानकारी न मिलने की वजह से पैसेंजर्स अपनी फ्लाइट के लिए तड़के-तड़के एयरपोर्ट पहुंच रहे हैं. इन पैसेंजर्स में बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल हैं, लेकिन उन्हें एयरलाइन की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल रही है. वहीं, इंडिगो के मौजूदा हालात के बाद सोशल मीडिया पर #IndiGoDelay ट्रेंड कर रहा है, जहां यात्री नारेबाजी और शिकायतों की बाढ़ सी आ गई है.
दिल्ली एयरपोर्ट से सभी फ्लाइट कैंसल करने के बाद इंडिगो ने अब मुंबई एयरपोर्ट से भी अपनी सभी फ्लाइट कैंसल कर दी हैं. सूत्रों के मुताबिक, एयरलाइन ने शाम 6 बजे तक अपनी ज्यादातर फ्लाइट कैंसल कर दी है. स्थिति सामान्य न होने पर आज रात तक बड़े एयरपोर्ट्स पर पूरा ऑपरेशन अस्थायी रूप से बंद किया जा सकता है.
इंडिगो आज अपने नेटवर्क में जारी बड़े पैमाने पर ऑपरेशनल डिसरप्शन को ठीक करने के लिए सख्त कदम उठाने जा रही है. एयरलाइन ने दिल्ली एयरपोर्ट पर आज रात तक के लिए अपने सभी ऑपरेशन अस्थायी रूप से बंद कर दिए हैं, ताकि प्रभावित शेड्यूल को रीसेट किया जा सके और ग्राउंड मैनेजमेंट को स्थिर किया जा सके. सूत्रों के मुताबिक, इंडिगो यह कदम सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं रख सकती. कुछ ही देर में मुंबई, हैदराबाद, चेन्नई और बेंगलुरु एयरपोर्ट पर भी ऑपरेशन को लेकर बड़ा निर्णय लिया जा सकता है. एयरलाइन का फोकस पूरे स्ट्रक्चर को रीबैलेंस करने और लगातार दो दिन से चल रही देरी व कैंसिलेशन की चेन को तोड़ने पर है.
अगर ऑपरेशन निलंबन का दायरा बढ़ता है, तो देशभर में हजारों यात्रियों की उड़ानों पर असर पड़ सकता है. इंडिगो का कहना है कि स्थिति को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए सभी संसाधन लगाए जा रहे हैं.
