अयोध्या : बाबरी विध्वंस की बरसी पर हाई अलर्ट, पूरे यूपी में सुरक्षा बढ़ाई गई

अयोध्या : आज यानी 6 दिसंबर को राम मंदिर स्थल पर स्थित विवादित ढांचे के विध्वंस की बरसी है, जिसकों देखते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने अयोध्या में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। अगर कहें तो शहर को एक तरह के किले में तब्दील कर दिया गया है और नवनिर्मित राम मंदिर, रेलवे स्टेशन, प्रमुख सड़कों और आवास सुविधाओं के आसपास बहुस्तरीय निगरानी की जा रही है। बता दें कि 1992 में आज ही के दिन विवादित ढांचे को ढहाया गया था। वहीं, दूसरी तरफ मंदिर नगरी के चारों ओर पुलिस चौकियां स्थापित की गई हैं, जहां वाहनों को रोका जा रहा है, गाड़ियों के शीशे खोले जा रहे हैं और यात्रियों के पहचान पत्र चेक किए जा रहे हैं। मंदिर की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर बैरिकेड्स लगा दिए गए हैं। वर्दी और सादे कपड़ों में सुरक्षा बल गर्भगृह की ओर बढ़ रही भीड़ पर कड़ी नजर रख रहे है

एसपी सिटी ने कहा, “अयोध्या में 6 दिसंबर हमेशा एक संवेदनशील दिन माना जाता है। इस साल, हम शांति या सुरक्षा भंग न हो, यह सुनिश्चित कर रहे हैं,” उन्होंने कहा कि किसी भी सार्वजनिक सभा या रैलियों के खिलाफ सख्त आदेश जारी किए गए हैं। एसपी सिटी ने आगे बताया कि रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और सरयू घाटों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। कमांडो और रैपिड एक्शन फोर्स के जवान महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनात हैं। होटल मालिकों और लॉज मालिकों को सभी मेहमानों का पूरा विवरण दर्ज करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि के बारे में तुरंत अधिकारियों को सूचित करने के लिए कहा गया है। केंद्रीय खुफिया एजेंसियों की टीमें संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण कर रही हैं और जमीनी स्तर पर फीडबैक की समीक्षा कर रही हैं।

वहीं, कड़ी सुरक्षा के बावजूद, रामलला का आशीर्वाद लेने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। कई लोगों ने उस भव्य मंदिर को देखने पर गर्व व्यक्त किया जो अब उस जगह पर खड़ा है जहां कभी विवादित ढांचा हुआ करता था।