भारत ने जूनियर हॉकी वर्ल्डकप में ब्रॉन्ज जीता, अर्जेंटीना को 4-2 से हराया, 9 साल बाद आया मेडल

भारत ने 9 साल बाद जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप में ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया है। जूनियर टीम इंडिया ने आखिरी 11 मिनट में 4 गोल करके 2021 की चैंपियन अर्जेंटीना को 4-2 से हराया। 2 बार (होबार्ट 2001 और लखनऊ 2016 ) की वर्ल्ड चैंपियन भारतीय टीम ने आखिरी बार 2016 में कोई मेडल जीता था। पिछले 2 बार टीम ब्रॉन्ज पदक का मुकाबला हारकर चौथे स्थान पर रही थी। 3 क्वार्टर तक 2 गोल से पिछड़ने के बाद भारत ने शानदार वापसी की। टीम इंडिया ने आखिरी 11 मिनट में दनादन 4 गोल करके खचाखच भरे मेयर राधाकृष्णन स्टेडियम में मानो जान फूंक दी। भारत के लिए अंकित पाल (49वां), मनमीत सिंह (52वां), शारदानंद तिवारी (57वां) और अनमोल इक्का (58वां) ने गोल दागे। वहीं, अजेंटीना के लिए निकोलस रौद्रिगेज ( पांचवां) और सैंटियागो फर्नांडिस (44 वां) ने गोल किये।

ब्रॉन्ज जीतने के बाद हॉकी इंडिया ने जूनियर टीम इंडिया के हर खिलाड़ी को 5-5 लाख रुपए का इनाम देने की घोषणा की। इतना ही नहीं, हॉकी इंडिया ने सपोर्ट स्टाफ को 2.5 लाख रुपए देने का ऐलान किया। पहले 49वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर को अंकित ने गोल में बदलकर भारत का खाता खोला। 52वें मिनट में भारत को फिर पेनल्टी कॉर्नर मिला जिस पर अनमोल इक्का के शॉट पर गेंद डिफ्लैक्ट होकर मनमीत की स्टिक से टकराकर गोल के भीतर गई।

स्कोर 2-2 से बराबर होने के बाद लग रहा था कि मैच शूटआउट में जाएगा, लेकिन आखिरी सीटी बजने से तीन मिनट बाकी रहते भारत को अहम पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जिसे शारदानंद तिवारी ने गोल में बदलकर पहली बार भारत को बढत दिलाई।