पुतिन ने पाकिस्तानी PM को 40 मिनट कराया इंतजार, गुस्से में एर्दोगन की मीटिंग में जबरन घुस गए शहबाज

तुर्कमेनिस्तान के अश्गाबात में ‘इंटरनेशनल फोरम फोर पीस एंड ट्रस्ट’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस बैठक में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, तुर्की के राष्ट्रपति एर्दोगन, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ समेत कई देशों के नेताओं ने हिस्सा लिया है। हालांकि, इस बैठक में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की बड़ी बेइज्जती होने की खबर सामने आ रही है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शहबाज शरीफ को 40 मिनट तक इंतजार कराया है। खबर ये भी सामने आई है कि इंतजार के बाद शहबाज शरीफ बिना बुलावे के उस कमरे में घुस गए जहां पुतिन तुर्की के राष्ट्रपति एर्दोगन के साथ बैठक कर रहे थे। तुर्कमेनिस्तान से जो वीडियो सामने आया है उसमें साफ दिखाई दे रहा है कि शहबाज शरीफ और व्लादिमीर पुतिन की बैठक के लिए दो कुर्सियां लगाई गई हैं। हालांकि, शहबाज शरीफ कुर्सी पर बैठे दिखाई दिए लेकिन पुतिन वहां पर नदारद थे। शहबाज के साथ पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री इशाक डार और अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। इंतजार के दौरान शहबाज काफी थके हुए और मायूस नजर आ रहे थे।

सामने आई जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ पुतिन और एर्दोगन की बैठक वाले कमरे में बिना बुलाए घुसने के करीब 40 सेकेण्ड में बाहर आ गए। जब शहबाज कमरे से बाहर आते दिखाई दिए तब राष्ट्रपति पुतिन और एर्दोगन अपनी बातचीत में लगे रहे। एर्दोगन के साथ बैठक के बाद पुतिन काफी खुश दिखाई दिए और मुस्कुराते हुए बाहर निकले।