Birthday Special : सलमान खान का आज 60 वां जन्मदिन, कभी ₹10 लाख कमाना था सपना, आज ₹2900 करोड़ के मालिक

स्टाइल में दबंग अंदाज और स्क्रीन पर रौबदार मौजूदगी, जो दिल तक उतर जाती है। हाथों में उसका सिल्वर ब्रेसलेट अक्सर चमकता दिखता है और उसकी चाल में अलग स्वैग होता है। फिल्मी गलियारों में कुछ लोग कहते हैं कि वह सेट पर लेट आते हैं, लेकिन उन्हीं के बारे में बॉलीवुड एक्टर गोविंदा कहते हैं कि जब कोई मुसीबत में होता है, तो वो सबसे पहले हाजिर होता है। बात कर रहे बॉलीवुड भाईजान यानी सलमान खान की। आज सलमान खान के 60 वां जन्मदिन मना रहे है

सलमान खान के पिता सलीम खान इंदौर के हैं और उनका जन्म भी इंदौर में हुआ था। स्कूल की छुट्टियों में बचपन के दिनों में वह अक्सर इंदौर आते थे। यह बात 1980 के दशक की है। छुट्टियों के दौरान वह ज्यादातर समय साइकिल और मोटरसाइकिल चलाते हुए बिताते थे। गाड़ी चलाने का शौक सलमान को इंदौर से ही लगा। इंदौर की सड़कों पर उन्होंने ड्राइविंग सीखी। आम तोड़ना भी उनका पसंदीदा काम था। कच्चे आम वह नमक के साथ खाते थे। जामुन खाना भी उन्हें बहुत पसंद था। सलमान ने तैरना भी इंदौर में ही सीखा और तैराकी से जुड़ा यह किस्सा काफी दिलचस्प है।

सलमान बचपन में एक्ट्रेस रेखा के दीवाने हुआ करते थे। सलमान उन पर इतने फिदा थे कि साइकिल से उनका पीछा तक किया करते थे। इस किस्से का खुलासा खुद रेखा ने रियलिटी शो बिग बॉस सीजन 8 में किया था। जब रेखा शो में मेहमान बनकर पहुंचीं, तो उन्होंने सलमान के बचपन की यह मजेदार याद शेयर की थी। रेखा ने बताया था, “मैं सुबह-सुबह वॉक पर जाया करती थी। उस वक्त सलमान 6–7 या 8 साल के थे। वह साइकिल चलाते थे। मैं आगे चलती थी और वह मेरे पीछे-पीछे आते थे। उन्हें तब पता ही नहीं था कि उसी वक्त उन्हें मुझसे इश्क हो गया था।” रेखा ने आगे कहा था कि घर जाकर सलमान ने अपने परिवार से कहा था कि जब वह बड़े होंगे तो उसी लड़की से शादी करेंगे। यह सुनते ही शो के दौरान सलमान शर्मा गए और मुस्कुराते हुए बोले, “शायद इसी वजह से मेरी शादी नहीं हुई।”

इस पर रेखा ने मजाकिया अंदाज में उन्हें टोकते हुए कहा, “नहीं-नहीं, मैंने इसीलिए शादी नहीं की।” सलमान खान बॉलीवुड में फिटनेस और बॉडी-बिल्डिंग के सबसे बड़े प्रेरणा स्रोतों में से एक माने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत से ही भारतीय सिनेमा में सिक्स-पैक एब्स और मस्कुलर फिजिक का चलन शुरू किया।

सलमान बचपन में दुबले-पतले थे, लेकिन इंदौर में ही उन्होंने बॉडी बिल्डिंग की तरफ रुझान विकसित किया। परिवार के लोगों को कसरत करते देख वे भी एक्सरसाइज करने लगे। इंदौर के क्रिश्चियन कॉलेज में पढ़ाई के दौरान भी सलमान जब भी शहर आते, जिम जाना नहीं छोड़ते थे। सलमान खान भारतीय सिनेमा के सबसे महंगे एक्टर्स में से एक हैं। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, वह प्रति फिल्म 100 करोड़ रुपए से अधिक की फीस लेते हैं। इसके अलावा, वह अक्सर फिल्मों के मुनाफे में भी हिस्सेदारी रखते हैं, जिससे उनकी कमाई कई गुना बढ़ जाती है। उनकी कुल संपत्ति लगभग 2,900 करोड़ रुपए आंकी जाती है। हालांकि, एक दौर ऐसा भी था जब सलमान 10,000 रुपए महीने की सैलरी पर काम करते थे।

बॉलीवुड में डेब्यू करने से पहले सलमान खान ने मुंबई के ताज होटल में हुए एक इवेंट में बैकग्राउंड डांसर के तौर पर काम किया था। इसके लिए उन्हें सिर्फ 75 रुपए मिले थे।