RCB बनी दूसरी बार WPL चैम्पियन, विराट कोहली ने स्मृति मंधाना की तारीफ में लिखा भावुक संदेश
WPL 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इतिहास रच दिया है. गुरुवार रात खेले गए रोमांचक फाइनल में RCB महिला टीम ने दिल्ली कैपिटल्स को हराकर न सिर्फ अपना दूसरा WPL खिताब जीता, बल्कि IPL और WPL दोनों ट्रॉफी एक साथ जीतने वाली पहली फ्रेंचाइजी भी बन गई. इस ऐतिहासिक जीत के तुरंत बाद RCB के सबसे बड़े चेहरे विराट कोहली ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा किया. कोहली ने कप्तान स्मृति मंधाना और पूरी टीम की जमकर तारीफ की. कोहली ने लिखा, फिर से चैम्पियंस, RCB का झंडा ऊंचा रखना, स्मृति और पूरी टीम और मैनेजमेंट को इस जबरदस्त जीत के लिए बधाई, आप सब इसके हकदार हैं, इस पल का आनंद लें और हमारे शानदार फैन्स का स्नेह महसूस करें.
RCB की यह जीत खास इसलिए भी है क्योंकि 2024 में स्मृति मंधाना की कप्तानी में ही फ्रेंचाइजी का लंबे समय का खिताबी सूखा खत्म हुआ था. इसके बाद 2025 में पुरुष टीम ने भी राजत पाटीदार की कप्तानी में IPL ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचा. BCA स्टेडियम वडोदरा में खेले गए फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 203 रन बनाए. जेमिमा रोड्रिग्स ने शानदार 57 रन जड़े और यह स्कोर WPL फाइनल का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बना.
लेकिन इसके जवाब में स्मृति मंधाना ने कप्तानी पारी खेली. मंधाना ने सिर्फ 41 गेंदों में 87 रन ठोक दिए. उनके साथ जॉर्जिया वॉल (79) ने 165 रन की साझेदारी कर दिल्ली के गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया. अंत में कुछ विकेट गिरने के बावजूद RCB ने दो गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया. यह WPL इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज भी साबित हुआ.
2025-26 सीजन अब RCB के गोल्डन एरा के रूप में याद किया जाएगा. पुरुष टीम की IPL 2025 ट्रॉफी और महिला टीम की दूसरी WPL जीत ने बेंगलुरु फ्रेंचाइजी को आलोचकों के मुंह पर ताला लगा दिया है. लीग स्टेज में भी RCB का दबदबा रहा. टीम ने 8 में से 6 मुकाबले जीतकर सीधे फाइनल में जगह बनाई. स्मृति मंधाना ने पूरे सीजन ऑरेंज कैप जीतकर साबित किया कि कप्तानी उनके खेल को और धार देती है.
