CM हिमंता की ‘गन वाली तस्वीर’ पर ओवैसी ने दर्ज कराई FIR

एआईएमआईएम (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के खिलाफ हैदराबाद पुलिस में एक आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है. यह शिकायत असम बीजेपी द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो के संदर्भ में की गई है, जिसे अब डिलीट कर दिया गया है. ओवैसी का आरोप है कि इस वीडियो में मुख्यमंत्री को मुसलमानों को ‘शूट’ करते हुए दिखाया गया था, जिसे उन्होंने हिंसक और भड़काऊ बताया है. ओवैसी ने हैदराबाद पुलिस कमिश्नर से इस मामले में सीएम सरमा के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई करने की मांग की है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए ओवैसी ने कहा कि दुर्भाग्य से नरसंहार वाले नफरती भाषण अब एक सामान्य बात बन गए हैं.

असदुद्दीन ओवैसी के मुताबिक, जिस वीडियो को लेकर विवाद शुरू हुआ है, उसे असम बीजेपी के आधिकारिक हैंडल से पोस्ट किया गया था. हालांकि, विवाद बढ़ने और तीखी प्रतिक्रियाओं के बाद इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा लिया गया है. ओवैसी का दावा है कि वीडियो में दिखाई गई सामग्री न केवल हिंसक थी, बल्कि मुस्लिम समुदाय को निशाना बना रही थी.

हैदराबाद में दर्ज कराई गई इस शिकायत में ओवैसी ने मांग की है कि कानून के तहत असम के मुख्यमंत्री पर सख्त कार्रवाई की जाए. उन्होंने हैदराबाद पुलिस कमिश्नर से गुजारिश किया है कि नफरती भाषणों और हिंसा को बढ़ावा देने वाले इस तरह के कृत्यों पर लगाम लगाना जरूरी है. ओवैसी ने इसे समाज की शांति के लिए बड़ा खतरा बताया है.

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *