सचिन तेंदुलकर ने PM मोदी को बेटे की शादी का न्योता दिया, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, अमित शाह और राहुल गांधी से भी मिले
सचिन तेंदुलकर मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले और उन्हें अपने बेटे अर्जुन और सानिया चंडोक की शादी का न्योता दिया। सचिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। सचिन ने लिखा, “प्रधानमंत्री को शादी का निमंत्रण देना हमारे लिए सम्मान की बात है।” सचिन ने युवा जोड़े को प्रधानमंत्री से मिले आशीर्वाद के लिए धन्यवाद भी दिया। सचिन परिवार समेत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, गृहमंत्री अमित शाह और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मिले और उन्हें भी शादी में आने का न्योता दिया। अर्जुन और सानिया की शादी 5 मार्च को मुंबई में होने वाली है। दोनों ने अगस्त 2025 में सगाई की थी। सानिया चंडोक ग्रैविस ग्रुप के चेयरमैन रवि घई की पोती हैं और अर्जुन की बहन सारा तेंदुलकर की करीबी दोस्त हैं।
घई परिवार हॉस्पिटैलिटी और फूड वर्ल्ड में जाना-माना नाम है। उनका इंटरकॉन्टिनेंटल होटल्स ग्रुप है, जिसकी मल्टीनेशनल वैल्यू 18.43 बिलियन डॉलर (1.6 लाख करोड़ रुपए) है। उनका मुंबई में इंटरकॉन्टिनेंटल होटल है और परिवार फेमस आइसक्रीम ब्रांड ब्रूकलिन क्रीमरी का भी मालिक है। मशहूर बिजनेस परिवार से ताल्लुक रखने के बावजूद सानिया लाइमलाइट से दूर रहती हैं। वे मुंबई में ही मिस्टर पॉज पेट स्पा एंड स्टोर एलएलपी की पार्टनर और डायरेक्टर हैं। यह एक छोटा वेंचर है, जो पशुओं की स्किनकेयर, ग्रूमिंग और इससे रिलेटेड प्रोडक्ट्स की सेवाएं देता है। सानिया ने इसकी शुरुआत 2022 में एक लाख रुपए से की थी।
अर्जुन तेंदुलकर को IPL 2026 मिनी ऑक्शन से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स ने मुंबई इंडियंस से ट्रेड किया गया था। इस सीजन वह LSG की ओर से खेलेंगे।
