कमबैक हो तो ऐसा! पाकिस्तान को धोने के बाद सोशल मीडिया पर छाए ईशान किशन
सोशल मीडिया पर इस वक्त सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, वह ईशान किशन की और उनके कमबैक की. कल पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने शानदार पारी खेली. कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मुकाबले ने कहानी बदल दी. टी20 वर्ल्ड कप के 27वें मैच में भारत ने टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाज़ी की. पहले ही ओवर में अभिषेक शर्मा के आउट होने से टीम दबाव में थी. तभी ईशान किशन ने काउंटर अटैक शुरू किया. शाहीन अफरीदी के ओवर में 15 रन बटोरकर उन्होंने दबाव पाकिस्तान पर डाल दिया.
आर. प्रेमदासा स्टेडियम की मुश्किल पिच में ईशान किशन ने पाकिस्तानी गेंदबाजों को सांस नहीं लेने दिया. 27 गेंदों में अर्धशतक पूरा करने के बाद उन्होंने रफ्तार और तेज कर दी. 40 गेंदों में 77 रन की उनकी पारी में 10 चौके और तीन छक्के शामिल रहे. मुश्किल पिच पर, जहां कोई और बल्लेबाज़ अर्धशतक नहीं लगा सका, वहां ईशान ने मैच की दिशा तय कर दी. यही वजह थी कि ईशान किशन की भारत ही नहीं, पाकिस्तान में भी वाहवाही हो रही है.
पाकिस्तान के कोच माइक हेसन ने ईशान किशन की पारी की खुलकर तारीफ की. उन्होंने कहा, “मुझे लगता है जिस तरह ईशान किशन ने बल्लेबाजी की, उन्होंने मैच हमसे दूर कर दिया. ईशान किशन के अलावा कोई भी बल्लेबाज रन-ए-बॉल से बेहतर नहीं खेल पाया. ईशान की वह पारी पूरे मुकाबले में सबसे अलग और खास रही.”
पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने कहा कि अगर ईशान का बल्ला नहीं चलता तो भारत मुश्किल में पड़ सकता था. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने उनकी जिम्मेदारी निभाने की तारीफ की. पाकिस्तान के पत्रकार शहजार इक़बाल ने इसे ‘कमाल का कमबैक’ बताया, जबकि इरफान पठान और शोएब अख्तर ने भी उनकी पारी को निर्णायक माना.ईशान ने खुद कहा कि विकेट आसान नहीं था, लेकिन आत्मविश्वास और अपनी ताकत के मुताबिक शॉट खेलना जरूरी था.
