होली से पहले किसानों की दिवाली..खातों में आएंगे 10324 करोड़, बिलासपुर में किसान-सम्मेलन में शामिल होंगे सीएम साय

छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए होली से पहले दिवाली होगी। सीएम विष्णुदेव साय आज दोपहर बिलासपुर में आयोजित किसान सम्मेलन में शामिल होंगे। जिसमें कृषक उन्नति योजना के तहत 24.28 लाख किसानों के खातों में 10324.84 करोड़ रुपए की आदान सहायता राशि जारी करेंगे। इस मौके पर सीएम साय 263 करोड़ 16 लाख 81 हजार रुपए के 89 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। सम्मेलन बिल्हा ब्लॉक के ग्राम रहंगी स्थित खेल मैदान में होगा। होली त्योहार से ठीक पहले खाते में राशि पहुंचने से किसानों में उत्साह का माहौल है। बिलासपुर जिले के 1,25,352 किसानों को 494.38 करोड़ रुपए मिलेंगे। ग्राम रहंगी में आयोजित किसान सम्मेलन मुख्यमंत्री साय के आगमन को लेकर जिला प्रशासन का अमला तैयारियों में जुटा हुआ है। शुक्रवार रात कलेक्टर संजय अग्रवाल ने विधायक धरम लाल कौशिक के साथ कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने मंच और बैठक व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, पेयजल, विद्युत, पार्किंग, किसानों के पंजीयन काउंटर व मीडिया व्यवस्था सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि प्रशासन ने कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि, किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और कार्यक्रम सुचारू रूप से संचालित हो। निरीक्षण के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम भी उपस्थित रही। कलेक्टर ने कहा कि यह किसानों से जुड़ा बड़ा कार्यक्रम है, इसलिए सभी विभाग समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाएं।

विधायक कौशिक ने भी कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप तैयारी सुनिश्चित होने पर संतुष्टि जाहिर किया। मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल से ही प्रतीकात्मक रूप से हितग्राहियों को लाभान्वित करेंगे। कुछ किसानों से संवाद कर योजना के प्रभाव की जानकारी भी लेंगे। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों की उपस्थिति को देखते हुए व्यापक इंतजाम किए हैं।

जिला प्रशासन ने सम्मेलन में किसानों को लाने की जिम्मेदारी ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को दी है। वहीं, ब्लॉक स्तर के अधिकारी-कर्मचारियों ने जिले भर के पंचायतों को किसानों और महिलाओं की भीड़ लेकर आने का टारगेट दिया है। इसके लिए पंचायतों के लिए वाहनों का भी इंतजाम प्रशासनिक स्तर पर किया गया है।