वर्ल्ड चैम्पियन टीम इंडिया पर पैसों की बारिश… BCCI देगा ₹131 करोड़ का इनाम
आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय टीम पर पैसों की बारिश हुई है. भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) ने टीम इंडिया को 131 करोड़ रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की है. बीसीसीआई की ओर से 10 मार्च (मंगलवार) को इस बात की घोषणा की गई. रविवार (8 मार्च) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया था. इस जीत के साथ भारत ने अपना टी20 वर्ल्ड कप खिताब सफलतापूर्वक डिफेंड किया. भारत टूर्नामेंट के इतिहास में बैक टू बैक खिताब जीतने वाली पहली टीम बन चुका है.
यही नहीं टीम इंडिया ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास भी रच दिया. इससे पहले भारत ने 2007 और 2024 में यह ट्रॉफी जीती थी. अब 2026 की जीत के साथ भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास की सबसे कामयाब टीम बन चुकी है. वेस्टइंडीज और इंग्लैंड ने दो-दो बार टी20 वर्ल्ड कप अपने नाम किया है.
🚨 News 🚨
BCCI announces a cash reward of INR 131 crore for #TeamIndia following their triumphant campaign in the ICC Men’s T20 World Cup 2026.
🔽 Details | #T20WorldCup | #MenInBlue https://t.co/eagTz1eOUb
— BCCI (@BCCI) March 10, 2026
बीसीसीआई ने खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और चयनकर्ताओं को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी है. बोर्ड ने कहा कि यह जीत भारतीय क्रिकेट के लिए गर्व का पल है और उम्मीद है कि टीम आगे भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन करती रहेगी. बता दें कि बीसीसीआई ने जो इनाम घोषित किया है वो खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और सेलेक्टर्स में बांटी जाएगी.
बीसीसीआई ने इस बार टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप जीतने पर 131 करोड़ रुपये देने का ऐलान किया, जो पिछले टी20 वर्ल्ड कप के मुकाबले 6 करोड़ रुपये ज्यादा है. इससे पहले 2024 में टी20 वर्ल्ड कप जीतने पर रोहित शर्मा की अगुवाई वाली भारतीय टीम को 125 करोड़ रुपये की इनामी राशि दी गई थी.
