जंग मे अमेरिका के 140 सैनिक घायल, 7 की मौत, इजराइल में कई जगह बमबारी

अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग का आज 12वां दिन है। इस युद्ध में अब तक 140 अमेरिकी सैनिक घायल हो चुके हैं, जबकि 7 सैनिकों की मौत की पुष्टि हुई है। ईरान का कहना है कि उसके देश में हुए हमलों में करीब 8000 घरों को नुकसान पहुंचा है और 1300 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। संयुक्त राष्ट्र (UN) में ईरान के राजदूत अमीर सईद इरावानी के मुताबिक देश में करीब 9600 सिविलियन इलाकों को निशाना बनाया गया। इनमें घरों के अलावा बाजार, अस्पताल, मेडिसिन सेंटर्स और स्कूल भी शामिल हैं। इस बीच ईरान ने यह भी दावा किया है कि उसने इजराइल के कई शहरों पर मिसाइल हमले किए हैं। ईरान के मुताबिक हाइफा, यरुशलम और तेल अवीव को निशाना बनाया गया।

अमेरिका ने कहा है कि उसने ईरान के 16 ऐसे जहाज नष्ट कर दिए, जिनका इस्तेमाल समुद्र में बारूदी सुरंगें बिछाने के लिए किया जा सकता था। इससे पहले डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान को चेतावनी दी है कि वह होर्मुज स्ट्रेट में समुद्र के अंदर माइन (बारूदी सुरंग) न लगाए। ट्रम्प ने कहा था कि अभी तक ऐसा कोई सबूत नहीं है कि ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट के शिपिंग रास्ते में माइन लगाई है, लेकिन अगर ऐसा किया गया, तो अमेरिका ऐसा जवाबी हमला करेगा जैसा ईरान ने पहले कभी नहीं देखा होगा।

उन्होंने अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर लिखा कि अगर ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में माइन लगाई है, हालांकि अभी ऐसी कोई पक्की रिपोर्ट नहीं है लेकिन ऐसा है तो उन्हें तुरंत हटा देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अगर ईरान माइन हटा देता है, तो यह सही दिशा में उठाया गया एक बड़ा कदम होगा। ट्रम्प ने एक अन्य पोस्ट में कहा कि अमेरिका ने समुद्र में माइन बिछाने वाली 16 बोट पर हमला कर उन्हें पूरी तरह नष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा कि आगे भी ऐसे हमले किए जाएंगे।

साथ ही US सेंट्रल कमांड ने X पर एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें कहा गया कि ईरान की समुद्री ताकत को कम किया जा रहा है, क्योंकि ईरानी सेना कई सालों से अंतरराष्ट्रीय जहाजों की आवाजाही को खतरा पहुंचाती रही है।