बिहार राज्यसभा चुनाव में ‘खेला’! अभी तक वोट डालने नहीं पहुंचे विपक्ष के 4 विधायक

देश के 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए जारी चुनावी प्रक्रिया आज अपने अंतिम चरण में है. 37 में से 26 उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं. अब सारा ध्यान उन 11 सीटों पर है जहां उम्मीदवारों की संख्या उपलब्ध सीटों से अधिक होने के कारण आज वोटिंग हो रही है. वोटिंग सुबह 9 बजे से जारी है और चार बजे नतीजे घोषित किए जाएंगे.

जिन सीटों पर वोटिंग हो रही है उनमें बिहार (5 सीटें), ओडिशा (4 सीटें) और हरियाणा (2 सीटें) शामिल हैं. बिहार की 5 सीटों के लिए 6 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिससे मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (JDU), केंद्रीय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर (JDU), बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, और शिवेश कुमार (BJP) की जीत लगभग तय मानी जा रही है. पांचवी सीट के लिए एनडीए समर्थित उपेंद्र कुशवाहा (RLM) और आरजेडी के अमरेंद्र धारी सिंह के बीच सीधी टक्कर है. ओडिशा में भी 4 सीटों के लिए 5 उम्मीदवार हैं. वहीं हरियाणा में 2 सीटों के लिए 3 उम्मीदवार मैदान में हैं. राज्यसभा चुनाव के बीच जेडीयू ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए शेड्यूल जारी कर दिया है. 22 मार्च तक राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवारों का नामांकन किया जाएगा. 23 मार्च को उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों की जांच होगी और24 मार्च तक उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले पाएंगे. एक से अधिक उम्मीदवार रहने पर 27 मार्च को राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए चुनाव होगा.जेडीयू सूत्रों के मुताबिक नीतीश कुमार राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करेंगे.नीतीश कुमार का राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है.

ओडिशा राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है. सूत्रों के मुताबिक, तीन विधायकों ने बीजेपी समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में वोट डाला. इनके नाम रमेश जैना, दसरथो गोमागो और सोफिया फिरदौस ने क्रॉस वोटिंग की है. बिहार में राज्यसभा चुनाव के लिए वोटिंग जारी है. एनडीए के सभी 202 विधायकों में वोट डाल दिया है. वहीं महागठबंधन के विधायकों का आंकड़ा 37 पर ही रुका है. महागठबंधन के चार विधायकों ने अपना वोट अब तक नहीं डाला है. कांग्रेस के तीन और राजद के एक विधायक ने अपना वोट नहीं डाला है. राजद विधायक फैसल रहमान ने वोट नहीं डाला है. कांग्रेस विधायक मनोहर प्रसाद, सुरेंद्र कुशवाहा और मनोज विश्वास ने भी अब तक वोट नहीं डाला है.