रायपुर के सहेली ज्वेलर्स में 6.50 लाख की चोरी, कर्मचारी ने चुराए डायमंड और सोने के टॉप्स, आरोपी की तलाश जारी
रायपुर के सदर बाजार स्थित सहेली ज्वेलर्स में 6.50 लाख रुपए के गहनों की चोरी हो गई है। कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक आरोपी नामजद है, जिसके चलते पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी का नाम आर्यन शर्मा बताया जा रहा है। कोतवाली पुलिस के अनुसार सदर बाजार स्थित सहेली ज्वेलर्स के प्रबंधक ने कोतवाली थाने में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक दुकान में काम करने वाले आर्यन शर्मा ने 2 डायमंड और 1 सोने का टॉप्स चोरी कर फरार हो गया। नियमित स्टॉक का मिलान करने पर गहनों की कमी सामने आई, जिसके बाद घटना का पता चला। आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन उसका मोबाइल नंबर बंद आ रहा है। फिलहाल पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है।
