KKR के कप्तान अजिंक्य रहाणे पर 12 लाख का जुर्माना, चेन्नई के खिलाफ मैच में स्लो ओवर रेट के चलते कार्रवाई

IPL 2026 के 22वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के कप्तान अजिंक्य रहाणे पर स्लोओवर रेट के लिए जुर्माना लगाया गया है। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए मैच के दौरान कोलकाता की टीम तय समय में अपने ओवर पूरे नहीं कर पाई थी। IPL की आचार संहिता के उल्लंघन के कारण BCCI ने कप्तान पर यह एक्शन लिया है। मैच के बाद जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक,IPL की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत यह कोलकाता नाइट राइडर्स का इस सीजन का पहला अपराध था।

नियमों के अनुसार, सीजन की पहली गलती होने के कारण कप्तान अजिंक्य रहाणे पर केवल 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाकर छोड़ दिया गया। अगर टीम दोबारा ऐसी गलती करती है, तो जुर्माने की रकम बढ़ जाएगी और टीम के अन्य खिलाड़ियों पर भी मैच फीस का जुर्माना लग सकता है।

IPL के नियमों के अनुसार, हर टीम को 20 ओवर फेंकने के लिए एक निश्चित समय (डेढ़ घंटा या 90 मिनट, जिसमें रणनीतिक ब्रेक शामिल हैं) दिया जाता है। अगर पारी खत्म होने तक टीम निर्धारित समय से पीछे रहती है, तो इसे ‘स्लो ओवर रेट’ माना जाता है। फील्ड पर मौजूद अंपायर और मैच रेफरी इसकी मॉनिटरिंग करते हैं। कप्तान की जिम्मेदारी होती है कि वह खेल की रफ्तार बनाए रखे।

IPL नियमों के मुताबिक, अगर रहाणे की टीम सीजन में दूसरी बार स्लो ओवर रेट की गलती करती है, तो कप्तान पर 24 लाख रुपये और टीम के बाकी सदस्यों पर मैच फीस का 25% या 6 लाख रुपये (जो भी कम हो) जुर्माना लगेगा।

वहीं, तीसरी बार ऐसा होने पर कप्तान पर 30 लाख का जुर्माना और एक मैच का प्रतिबंध भी लग सकता है।