वेदांता प्लांट हादसे में 17 मौतें..बैज बोले- हादसा नहीं हत्या, सिंहदेव ने कहा- कंपनी में एंबुलेंस नहीं थी

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के वेदांता पावर प्लांट हादसे में अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है। विपक्ष ने इसे लापरवाही बताते हुए सवाल उठाए हैं। कांग्रेस ने जांच के लिए कमेटी बनाई और सरकार से उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि यह हादसा नहीं बल्कि हत्या है। पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने मांग कि है कि प्लांट में एंबुलेंस नहीं थी, ऐसे में मजदूरों की सुरक्षा को लेकर सरकार को सख्त कदम उठाने चाहिए। वहीं, चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव ने मशीनों की रिपेयरिंग नहीं होने की बात कही है। घटना के बाद मंत्री लखनलाल देवांगन ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही। इसके अलावा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्लांट प्रबंधन ने मृतक के परिजनों और घायलों को सहायता राशि देने की घोषणा की है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मृतकों के परिजनों को 1-1 करोड़ और घायलों को 50-50 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग की है। बैज ने कहा कि इस घटना में 17 मजदूरों की मौत और 34 लोगों के घायल होने की खबर बेहद पीड़ादायक है।