संभल में ईदगाह-इमामबाड़े पर बुलडोजर चल रहा, भीड़ को अफसरों ने हटाया
संभल में ईदगाह और इमामबाड़े पर गुरुवार सुबह 8 बजे से बुलडोजर की कार्रवाई चल रही है। इमामबाड़ा गिरा दिया गया है। अब ईदगाह को चार बुलडोजरों से तोड़ा जा रहा है। मौके पर 5 थानों की पुलिस फोर्स और एक कंपनी PAC तैनात की गई है। इसी बीच, गांव के लोग मौके पर जुट गए। विरोध की आशंका को देखते हुए अफसरों ने उन्हें वहां से हटा दिया। प्रशासन के मुताबिक, करीब 7 बीघा चारागाह की जमीन पर ईदगाह और खाद गड्ढे की भूमि पर इमामबाड़ा बनाया गया था। गांव वालों की शिकायत के बाद लेखपाल स्पर्श गुप्ता ने 18 जनवरी को तहसीलदार कोर्ट में अपील दायर की थी। 31 जनवरी को कोर्ट के आदेश पर नोटिस अखबार में छपवाया गया। कहा गया कि जो भी कब्जेदार हैं, वे सामने आएं। हालांकि, कोई भी सामने नहीं आया। गुरुवार सुबह करीब 7.30 बजे एसडीएम निधि पटेल और नायब तहसीलदार दीपक कुमार जुरैल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां कुछ लोग छीनी-हथौड़ी से इमामबाड़े को तोड़ रहे थे। हालांकि, प्रशासन ने उन्हें हटा दिया। मामला कोतवाली संभल क्षेत्र के बिछोली गांव का है।
एसडीएम ने बताया- पशुचर और गढ्ढे की जमीन पर अतिक्रमण करके निर्माण कराए गए थे। आज तहसीलदार कोर्ट के आदेश पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन के पहुंचने से पहले लोग खुद ही छीनी-हथौड़ी से इमामबाड़ा तोड़ने लगे। लेकिन, प्रशासन ने उन्हें वहां से हटा दिया। जिस गांव में बुलडोजर चल रहा है, वहां 5 थानों की पुलिस फोर्स और एक कंपनी PAC तैनात की गई है। SDM निधि पटेल और नायब तहसीलदार दीपक कुमार जुरैल टीम के साथ मौके पर मौजूद हैं।
