धरती की वो जगह, जहां -60 डिग्री तापमान में लोग करते हैं शॉपिंग

आपने दुनिया में कई तरह के बाजार देखे होंगे कहीं भीड़ इतनी होती है कि चलना मुश्किल हो जाता है, तो कहीं अजीबो-गरीब खाने की चीजें लोगों को आकर्षित करती हैं. हर बाजार की अपनी एक अलग पहचान होती है, कोई अपने स्वाद के लिए मशहूर होता है तो कोई अपने माहौल के लिए. लेकिन क्या आपने कभी ऐसे बाजार के बारे में सुना है, जहां हर चीज आपको जमी हुई हालत में मिलती हो? सोचिए, आप किसी दुकान पर जाते हैं और वहां रखी मछलियां पत्थर की तरह सख्त हों, फल ऐसे लगते हैं जैसे अभी-अभी फ्रीजर से निकाले गए हों, और मांस पूरी तरह बर्फ बन चुका हो. हैरानी की बात तो यह है कि यहां इन चीजों को ठंडा रखने के लिए किसी फ्रिज या मशीन की जरूरत ही नहीं पड़ती, क्योंकि यहां की प्रकृति खुद ही सबसे बड़ा “फ्रीजर” है. आज हम आपको दुनिया के एक ऐसे ही अनोखे बाजार के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां सर्दी इतनी ज्यादा होती है कि हर चीज अपने आप जम जाती है. यहां खरीदारी करना किसी एडवेंचर से कम नहीं, और इस जगह को देखने के बाद आप भी सोच में पड़ जाएंगे कि आखिर इतनी ठंड में लोग कैसे जीते और काम करते हैं.

दरअसल याकुत्स्क जिसे दुनिया का सबसे ठंडा शहर माना जाता है, यहां की आबादी करीब 3 लाख से ज्यादा है, और यह दुनिया के सबसे ठंडे बसे हुए शहरों में गिना जाता है. वहां का एक अनोखा बाजार लोगों को हैरान कर रहा है. साइबेरिया(Siberia) के इस शहर में मौजूद “क्रेसत्यांस्की मार्केट”(Krestyanskiy Market), एक खुला बाजार है, जहां तापमान सर्दियों में -50 से -60 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाता है. यहां की खास बात यह है कि दुकानदार खुले में ही मछली, मांस और सब्जियां बेचते हैं, और सब कुछ प्राकृतिक रूप से जम जाता है. यानी यहां “नेचर ही फ्रीजर” का काम करती है.

सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यहां के दुकानदार इतनी कड़ाके की ठंड में भी 10 से 12 घंटे तक बाहर खड़े रहकर सामान बेचते हैं. ठंड उनके हौसले को बिल्कुल भी कमजोर नहीं कर पाती. वीडियो में विशाल की मुलाकात मरीना नाम की एक महिला दुकानदार से होती है. मरीना रोजाना इस भयंकर ठंड में काम करती हैं. वह खुद को गर्म रखने के लिए 5-6 लेयर कपड़े पहनती हैं, जिनमें फर के कपड़े भी शामिल होते हैं. विशाल बताते हैं- “सोचिए, -60 डिग्री में घंटों तक बाहर खड़े रहना कितना मुश्किल होता होगा.”

मरीना की छोटी सी दुकान में एक खास जगह होती है, जहां वह अपने दस्ताने और जरूरी सामान को गर्म रखने के लिए रखती हैं. यह एक तरह का छोटा हीटर होता है, जिससे चीजें जमने से बची रहती हैं. यहां के लोग हमेशा 5 से 6 लेयर कपड़े पहने रहते हैं, हमेशा वो गर्म पानी का इस्तेमाल करते हैं. सोने वक्त भी वह हीटर का इस्तेमाल करते हैं.